जमशेदपुर में कोर्ट हाजत से हुए थे दो कैदी फरार, इंचार्ज सहित तीन निलंबित

News Aroma Media

जमशेदपुर: जमशेदपुर में कोर्ट के हाजत से दो कैदियों के फरार होने के मामले में एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने सख्त कार्रवाई की है।

शनिवार को इस मामले में कोर्ट हाजत के इंचार्ज समेत तीन लोगों को निलंबित कर दिया गया है।

इसमें हाजत इंचार्ज नरेश कुमार सिंह, एएसआई संजीव कुमार और ललन मिश्रा शामिल हैं।

अब तक कोर्ट से फरार कैदियों के बारे में पुलिस को कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है। एसएसपी ने पूरे मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को जमशेदपुर न्यायालय में पेशी के लिए लाए गए कैदी अमन लाल और सोनू यादव फरार हो गए।

इस मामले में सीतारामडेरा थाने के हाजत इंचार्ज नरेश कुमार सिंह के बयान पर मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस फरार कैदियों की धर पकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।

बतया जाता है कि कदमा थाना क्षेत्र में बाइक लूट करने के प्रयास में पुलिस ने अमन लाल और सोनू यादव को गिरफ्तार कर 27 दिसंबर को न्यायिक हिरासत में भेजा था।

दोनों को साकची जेल में रखा गया था। शुक्रवार को एसडीजेएम कोर्ट में दोनों को पेशी होनी थी। पेशी होने के पहले हो दोनों ने हाजत का वेंटिलेटर तोड़ा और फरार हो गए।