रामगढ़: देश में बनारस (Banaras) की गंगा आरती (Ganga Aarti) काफी मशहूर है। इसी तर्ज पर रामगढ़ के दामोदर नदी घाट (Damodar River Ghat) पर भी आरती का आयोजन होगा। रामगढ़ शहर के गांधी घाट के समीप पर्यटकों के आकर्षण के लिए एक विशेष घाट का निर्माण होगा।
इस महत्वाकांक्षी योजना को मूर्त रूप देने के उद्देश्य से DC चंदन कुमार (Chandan Kumar) ने शुक्रवार को गांधी घाट का निरीक्षण किया। थाना चौक स्थित गांधी घाट को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने को लेकर डीसी ने कई अधिकारियों के साथ इस पर चर्चा भी की।
शहर वासियों को इस घाट पर मिलेगा शांत वातावरण
उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान में रामगढ़ शहरी क्षेत्र में ऐसा कोई भी स्थल नहीं है, जहां लोग शांत वातावरण में परिवार संग समय व्यतीत कर सकें। वहीं शहर में मनोरंजन के संसाधनों का भी अभाव है।
इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा नमामि गंगे योजना (Namami Gange Scheme) के तहत शहर के थाना चौक स्थित दामोदर नदी घाट को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने का निर्णय लिया गया है।
घाट का होगा सौंदरीकरण
योजना के मुताबिक गांधी घाट (Gandhi Ghat) को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। प्रथम चरण में घाट की साफ सफाई व सीढ़ियों के निर्माण सहित सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा।
जिसके उपरांत बनारस की तर्ज पर शहर के दामोदर नदी घाट पर भी शाम के वक्त आरती कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्य पूरा होने के उपरांत बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
वहीं शहर के करीब होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों को एक स्थल पर एकत्रित होकर समय बिताने का अवसर प्राप्त होगा। इसके साथ ही घाट पर विभिन्न प्रकार के बाजारों को भी विकसित किया जाएगा।
बच्चों के लिए लगेंगे झूले, बोटिंग करेंगे पर्यटक
DC ने बताया कि बच्चों के लिए भी घाट पर विभिन्न खेलकूद के उपकरण लगाए जाएंगे। घाट पर पर्यटक बोटिंग, वॉकिंग स्ट्रेच आदि का भी आनंद ले पाएंगे।
निरीक्षण के क्रम में उपरोक्त विषयों पर चर्चा करते हुए उपायुक्त चंदन कुमार ने नोडल पदाधिकारी नमामि गंगे योजना सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ असीम कुमार को स्थल निरीक्षण से संबंधित विस्तृत भ्रमण प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया।
वहीं उपायुक्त ने गांधी घाट पर किए जाने वाले विकास कार्यों से संबंधित DPR तैयार करने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद मनीष कुमार को दिया।