Rajnath Singh on one day visit: शनिवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) एक दिवसीय दौरे पर झारखंड के चतरा पहुंचे। उनके साथ केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chauhan भी मौजूद रहे।
माता भद्रकाली मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने हेमंत सरकार के खिलाफ परिवर्तन यात्रा शुरू की। इसके बाद राजनाथ सिंह ने इटखोरी हाई स्कूल मैदान में जनसभा को संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं। भारत किसी भी दागी व्यक्ति को कभी स्वीकार नहीं करेगा। झारखंड में हेमंत सोरेन को सत्ता से हटाने और BJP को सत्ता में लाने का वक्त आ गया है।
राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड के विकास की राह में तीन रोड़े हैं- जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी। भारतीय जनता पार्टी (BJP ) झारखंड में आदिवासी महिलाओं से शादी कर रहे घुसपैठियों को बर्दाश्त नहीं करेगी। घुसपैठियों को झारखंड से बाहर निकाला जाएगा।
इटखोरी के हाई स्कूल मैदान में हजारीबाग प्रमंडल के भाजपा के परिवर्तन रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद राजनाथ सिंह ने परिवर्तन सभा को संबोधित किया। परिवर्तन सभा में उन्होंने राहुल गांधी से लेकर हेमंत सोरेन तक पर हमला बोला।
लोकतंत्र से किया गया खिलवाड़
रक्षा मंत्री ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारत की स्वस्थ लोकतांत्रिक प्रथाओं के साथ खिलवाड़ किया है। वह भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं।
इस बार के विधानसभा चुनाव में झारखंड की जनता उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। झारखंड में इस बार भाजपा की सरकार बनेगी। हमारी सरकार बनते ही विकास के काम शुरू होंगे और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होगी।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
राजनाथ सिंह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला। कहा कि राहुल गांधी ने विदेश में भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश की।
उन्होंने सिखों को उकसाया है। केंद्रीय मंत्री ने दावा करते हुए कहा कि झारखंड में इस बार बीजेपी की सरकार बनेगी। बीजेपी की सरकार बनते ही यहां विकास के काम शुरू होंगे और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।