झारखंड में यहां महिला से दुष्कर्म का आरोपी मंत्री का ड्राइवर गिरफ्तार, 40 दिनों से था फरार

Newswrap

जमशेदपुर: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का ड्राइवर महिला से दुष्कर्म के आरोपी प्रदुत कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह को जमशेदपुर की कदमा पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है।

उसकी गिरफ्तारी मानगो से हुई है, जो पिछले 40 दिनों से फरार चल रहा था। बता दें कि थाने में ड्राइवर पर केस दर्ज होने के बाद मंत्री ने उसे अपने यहां काम से हटा दिया था।

क्या है मामला

मुन्ना सिंह पर आरोप है कि उसने कदमा में दो बेटियों की मां को शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया।

साथ ही साथ बिजनेस करने के नाम पर उससे 2 लाख रुपए और टाटा स्टील में काम करने वाली इस महिला के भाई से भी 5 लाख रुपए ले लिये थे। जो उसने नहीं लौटाये।

शादी का दबाव बनाने पर अश्लील वीडियो वायरल करने और दोनों बेटियों को जान से मारने की धमकी देता था। इसके बाद पीड़ित महिला ने कोर्ट में शिकायत दर्ज कराया था।

मंत्री आवास पर भी बनाया नाजायज संबंध

पीड़िता ने कोर्ट में कहा- पति के साथ विवाद होने पर वर्ष 2012 में कोर्ट में केस चल रहा था। उस वक्त उसकी बड़ी बेटी 6 साल की और छोटी बेटी 4 साल की थी। तभी मानगो परमेश्वर कॉलोनी में रहने वाले मंत्री के ड्राइवर मुन्ना सिंह ने उससे दोस्ती कर ली। उसका कदमा भाटिया बस्ती अरविंद पथ हरिओम अपार्टमेंट में भी अपना घर है। मुन्ना रोजाना घर आने-जाने लगा। 20 अक्तूबर को मुन्ना सिंह महिला को त्रिशुल टावर में ले गया और वहां संबंध बनाया। इसके बाद वह लगातार संबंध बनाने लगा।

इसी दौरान उसने महिला की वीडियो और कुछ अश्लील तस्वीरें भी खींच लीं। साथ ही धमकी दी कि यदि पुलिस को खबर की तो वह वीडियो वायरल कर देगा।

पीड़िता के अनुसार, बाद में आरोपी मुन्ना अपनी बीमार पत्नी के निधन और मेरे पति के कोर्ट में तालाक होने के बाद शादी की बात कहकर आने-जाने लगा।

उसने कई जगहों पर किराये में कुछ साल रखकर उसके साथ संबंध बनाया। मंत्री के सरकारी आवास पर भी ले जाकर पत्नी बताकर संबंध बनाया।

टीएमएच में मेरे डॉक्टर भाई से ठगा 5 लाख रुपए

पीड़िता ने कहा कि फिर मुन्ना ने मेरे फुफेरे भाई के टीएमएच में डॉक्टर होने की जानकारी मिलने पर उसने उनको अपने जाल में फंसा लिया। नौकरी से निकाले जाने की बात कहते हुए भाई को गारंटर बनाकर जेसीबी के लिए लोन लिया। मेरे से भी कर्ज लिया। भाई का वर्ष 2020 में कोरोना से निधन हो गया। जनवरी 2021 में मैंने भी पति से तालाक ले लिया। मैंने मुन्ना पर शादी करने और रुपए लौटाने का दबाव बनाया तो उसने जाति के नाम पर गाली गलौज करते हुए भगा दिया। शादी करने से इनकार किया। फिर कोर्ट में शिकायतवाद दर्ज कराया।