जमशेदपुर में मिली संदिग्ध हालात में बाप-बेटे की लाश, हत्या की आशंका

News Aroma Media

जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधीनगर के एक मकान में शुक्रवार की सुबह संदिग्ध हालात में पिता और पुत्र का शव मिला है।

पुलिस को हत्या की आशंका है। दोनों शवों की जांच में बेटे के गले में निशान पाया गया है। दोनों शव घर में रखे पलंग के आसपास मिले।

बताया गया है कि मृतकों में सुशील मोहंती (70) और उसका पुत्र राजू मोहंती (40) हैं। घटना की सूचना पाकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जाता है कि पिता-पुत्र दोनों को शराब पीने की लत थी। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। बेटे राजू मोहंती की पत्नी भी घर पर ही रहती है।

राजू के चार बच्चे हैं। अब तक दोनों के मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है। पारिवारिक विवाद लेकर अनैतिक संबंध जैसे सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। घर में कोई बाहरी व्यक्ति आया या नहीं। इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस बारे में स्पष्ट तौर पर कुछ कहा जा सकेगा। युवक की पत्नी से पुलिस ने पूछताछ की है।

पत्नी का कहना है कि दोनों की मौत कैसे हुई। उसे नहीं पता। दोनों लोग रात को खाना खा कर घर में सो गए थे। सुबह जब कमरे से नहीं निकले तो परिवार के लोग इन्हें जगाने गए। इस दौरान दोनों का शव दिखा।