रांची: झारखंड में एक सप्ताह का संपूर्ण लॉकडाउन लगा दिया गया है। 22 से 29 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाने का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को एलान किया है।
लॉकडाउन गुरुवार शाम साढ़े छह बजे से प्रभावी होगा। इस दौरान सरकार ने कुछ छूटों का भी एलान किया है।
बताया गया है कि राज्य में 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक एक हफ्ते तक लॉकडाउन लगा रहेगा। 22.04.2021 को सुबह 06ः00 बजे से 29.04.2021 के शाम 06ः00 बजे तक लॉकडाउन रहेगा।
झारखंड में कई रियायतों के साथ लॉकडाउन लगाया गया है।
1. आवश्यक सामग्री की दुकानों को छोड़कर अन्य सभी दुकाने बंद रहेंगी।
2. भारत सरकार, राज्य सरकार तथा निजी क्षेत्र के चिन्हित कार्यालय को छोड़ सभी कार्यालय बंद रहेंगे।
3. कृषि, औद्योगिक, निर्माण एवं खनन कार्य की गतिविधियां चलती रहेंगी।
4. धार्मिक स्थल खुले रहेंगे परन्तु श्रद्धालुओं की उपस्थिति प्रतिबंधित रहेगी।
5. कोई भी व्यक्ति अनुमति प्राप्त कार्यों को छोड़कर अपने घर से बाहर नहीं निकलेगा।
6. 5 से अधिक व्यक्तियों का कहीं भी एकत्रित होना वर्जित रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के संक्रमण को जन-भागीदारी से हीं रोका जा सकेगा। अतः आप सभी से अनुरोध है कि अति आवश्यक कार्य छोड़कर अपने घर से बाहर नहीं निकलें।
कोरोना संक्रमण और चौतरफा दबाव के बीच लॉकडाउन की पांबदियों काे लेकर सरकार के स्तर पर सोमवार को पूरे दिन गहन मंथन किया गया।
दोपहर 12 बजे तक राज्य में लॉकडाउन के तौर-तरीकाें और नई पाबंदियों का एलान सरकार के स्तर पर किया जा सकता है। इधर राज्य में बढ़ते कोरोना मामलों को लेकर भाजपा, झामुमो, कांग्रेस और राजद ने भी झारखंड में संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की मांग मुख्यमंत्री से की थी।
हालांकि झारखंड में सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, आईटीआई, ट्रेनिंग सेंटर और आंगनबाड़ी केंद्रों को अगले आदेश तक बंद करने का निर्देश मुख्यमंत्री ने पहले ही दे दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कोरोना संक्रमण रोकने के लिए प्राथमिक स्तर पर कई निर्णय लिए हैं। जरूरत पड़ने पर विशेष परिस्थितियों में और कड़े फैसले लिए जाएंगे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड लोक सेवा आयोग की जेपीएससी परीक्षा, झारखंड एकेडमिक काउंसिल जैक की मैट्रिक और इंटर की परीक्षा पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दिया।
सीएम ने कहा कि आगामी महीनों में होने वाले सभी स्कूल एंट्रेस और संस्थागत परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है।
राज्य 28 हजार के पार हुए एक्टिव मरीज
पिछले 24 घंटे में 4,290 नए पॉजिटिव मरीज की पहचान की गई।
इनमें से रांची से 1,404 लोग शामिल हैं। वहीं, 46 लोगों की जान गई। इनमें 14 मृतक रांची के हैं।
जबकि धनबाद, कोडरमा और लोहरदगा के 3-3 मृतक हैं। पूर्वी सिंहभूम में 10 मरीजों की मौत हुई। स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या हर दिन की तरह कम रही। अब पूरे राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या 28,010 हो गई है।