झारखंड

राज्य में झारखंडी का ही रहेगा शासन, मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही BJP : हेमंत सोरेन

जेल से बाहर निकलने के बाद शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने कांके स्थित आवास से JMM कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

Hemant Soren : जेल से बाहर निकलने के बाद शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने कांके स्थित आवास से JMM कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के खिलाफ कोई भी खड़ा ना हो पाये, इसकी जुगत भिड़ाई जा रही है। इसी का परिणाम है कि आज दिल्ली के मुख्यमंत्री जेल में बंद हैं।

विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जानकारी मिल रही है कि राज्य में जल्द से जल्द विधानसभा चुनाव कराने की योजना बनायी जा रही है। ऐसे में केंद्र सरकार को चुनौती है कि चुनाव की घोषणा जल्द से जल्द करें।

राज्य से BJP का सफाया कर दिया जायेगा। पार्टी ने संकल्प लिया है कि मनुवादी सामंती सोच को जवाब देंगे। लोकसभा में जवाब मिला है। आगे भी विधानसभा चुनाव में ऐसे लोगों को जवाब दिया जायेगा।

सोरेन ने कहा कि मुझे सुनियोजित तरीके से षड्यंत्र में फंसाकर पांच महीने तक जेल में रखा गया। झारखंड गरीब-गुरबा राज है। हमें समझने में थोड़ा वक्त लगता है। इसीलिए मुझे पांच महीने जेल में रहना पड़ा। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने मुझे बाहर निकाला और हमें न्याय मिला।

इस पांच महीने में राज्य शायद और आगे बढ़ सकता था। उन्होंने कहा कि उनको हमसे डर है। उनकी समय से पहले झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Elections) कराने की तैयारी चल रही है लेकिन मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि यदि वो कल चुनाव कराते हैं तो परसो उनका सफाया हो जायेगा।

हेमंत सोरेन ने कहा कि मोदी सरकार में नीट व यूपीएससी पेपर लीक के साथ ट्रेन व एयरपोर्ट दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन लोगों ने सीरिंज से लोगों का खून चूस लिया है।

इन लोगों ने संविधान की कई संस्थाओं को अपनी मुट्ठी में कर लिया लेकिन जनता की अदालत सबसे बड़ी अदालत है। इस दीया को हम कभी नहीं बुझने देंगे। कई ऐसे वीर शहीद हैं, जो हमारे लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।

Hemant Soren ने कहा कि आपके आशीर्वाद से सबसे पहले देश में आदिवासी मुख्यमंत्री बना है। मजबूरन मोदी सरकार को पड़ोसी राज्यों में आदिवासी मुख्यमंत्री बनाना पड़ रहा है लेकिन वो रबर स्टैंप है।

उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों के सपने को पूरा करने का हम काम करेंगे। साथ ही कहा कि BJP वाले विधानसभा चुनाव में जीत का जो सपना देख रहे हैं, वह मुंगेरीलाल के हसीन सपने साबित होंगे। इस राज्य में झारखंडी का ही शासन रहेगा।

बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

हेमंत सोरेन अपने आवास के पास कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद करीब 3:25 बजे बिरसा चौक पहुंचे। यहां उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इस दौरान उनकी पत्नी कल्पना सोरेन और राज्यसभा सदस्य महुआ माजी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके बाद हेमंत ने पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। वे करीब 10 मिनट तक बिरसा चौक में रहे।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker