Tribal Students Association: आदिवासी छात्र संघ (ACS) ने झारखंड में दो लाख से अधिक बैकलॉग पदों पर जल्द नियुक्ति की मांग को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व संघ के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उरांव ने किया। कार्यक्रम के दौरान संघ के सदस्यों ने करमटोली स्थित आदिवासी कॉलेज छात्रावास जेल चौक तक विरोध प्रदर्शन किया।
मौके पर संघ के सदस्यों ने कहा कि मार्च 2022 में आदिवासी छात्र संघ की ओर से जब विधानसभा का घेराव किया था, तब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 2022-23 में सभी बैकलॉग पदों पर नियुक्ति करने का आश्वासन दिया था।
लेकिन तीन साल बीतने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
आदिवासी छात्र संघ ने सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री एक सप्ताह में छात्रों और संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता नहीं करते तो आदिवासी छात्र संघ सीएम हाउस का घेराव करेगा।
यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक सरकार सभी बैकलॉग पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं कर लेती।
मौके पर केंद्रीय मीडिया प्रभारी सुमित उरांव, रांची विश्वविद्यालय के अध्यक्ष मनोज उरांव, डीएसपीएमयू अध्यक्ष विवेक तिर्की, रांची जिला अध्यक्ष राजू उरांव, खूंटी कॉलेज अध्यक्ष भुवनेश्वर मुंडा, प्रदीप उरांव, अमित तिग्गा सहित अन्य मौजूद थे।