Municipal Corporation Ranchi: रांची नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में होल्डिंग टैक्स के रूप में रिकॉर्ड 92 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक है। पिछले वित्तीय वर्ष 2023-24 में निगम ने 70 करोड़ रुपये जमा किए थे।
बरियातू और मोरहाबादी क्षेत्रों के निवासियों ने सबसे अधिक योगदान दिया, जहां से 3.5 करोड़ रुपये का टैक्स प्राप्त हुआ। वहीं, धुर्वा के वार्ड 39 से केवल 6 लाख रुपये जमा हुए, जो सबसे कम है।
निगम के अधिकारियों के अनुसार, यह राशि शहर में आधुनिक सुविधाओं जैसे सड़क, स्ट्रीट लाइट, और सफाई व्यवस्था को बेहतर करने में खर्च की जाएगी। रांची नगर निगम ने टैक्स जमा करने में सहयोग के लिए शहरवासियों का आभार जताया और इसे नागरिक जिम्मेदारी का उदाहरण बताया।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निगम ने होल्डिंग टैक्स में छूट की घोषणा की है। यदि निवासी 30 जून 2025 तक एकमुश्त टैक्स का भुगतान करते हैं, तो उन्हें अधिकतम 10% की छूट मिलेगी।
लोगों की सुविधा के लिए निगम कार्यालय और डोरंडा अंचल कार्यालय में जन सुविधा केंद्र सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे। इसके अलावा, निवासी नगर निगम की वेबसाइट (www.ranchimunicipal.com) के माध्यम से ऑनलाइन टैक्स भुगतान भी कर सकते हैं।