झारखंड

विश्व आदिवासी दिवस पर रांची में होगा राज्यस्तरीय समारोह, विदेशों के जनजातीय समूह भी हो सकते हैं शामिल

उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा (DC Rahul Kumar Sinha) ने समाहरणालय में नौ से 10 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में प्रस्तावित राज्यस्तरीय समारोह को लेकर शुक्रवार को बैठक की।

State level function in Ranchi on World Tribal Day: उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा (DC Rahul Kumar Sinha) ने समाहरणालय में नौ से 10 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में प्रस्तावित राज्यस्तरीय समारोह को लेकर शुक्रवार को बैठक की।

कार्यक्रम का आयोजन भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान में किया जायेगा। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारी को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

बनेगी इवेंट टीम

इस कार्यक्रम के लिए कोषांग और Event Team का जल्द गठन करने की बात कही गयी। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को कई निर्देश भी दिये।

उपायुक्त ने आयोजन स्थल पर पिछले वर्ष के अनुभवों के साथ और बेहतर तैयारी किस प्रकार हो, इस पर मंथन किया। कार्यक्रम के दौरान यहां लगनेवाले Stall, Food Stall, पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, अग्निशमन व्यवस्था अन्य सभी व्यवस्था, दूसरे जिलों से कार्यक्रम में शामिल होने आये कलाकारों के भोजन, पानी, रहने की व्यवस्था की समीक्षा की गयी।

बैठक में विश्व आदिवासी दिवस पर दो दिवसीय जनजातीय महोत्सव में अन्य राज्यों की जनजातीय संस्कृति, संगीत, नृत्य, साहित्य, इतिहास, कला एवं हुनर, उनकी अलग-अलग आर्थिक क्रिया, खेलकूद क्षेत्र की विशेषताओं के समायोजन पर भी चर्चा की गयी।

दूसरे देशों की जनजातीय संस्कृति से रू-ब-रू कराने के लिए प्रदर्शनी लगाने का निर्देश

उपायुक्त ने कहा कि यह कार्यक्रम झारखंड की लोक संस्कृति, यहां के लोगों की ऐतिहासिक विरासत को विश्व के मानचित्र पर दिखाने के लिए बहुत बड़ा माध्यम है। इसके लिए इसे भव्य बनाने के लिए हर व्यवस्था बेहतर कराने को लेकर तैयारी शुरू करने को कहा।

लोग दूसरे देशों की जनजातीय संस्कृति को देख सकें, इसके लिए उपायुक्त ने कार्यक्रम के दौरान एक प्रदर्शनी लगाने को कहा। इससे झारखंड और अन्य राज्यों से आये लोग दुनिया के कई देशों की जनजातीय संस्कृति से रू-ब-रू हो सकेंगे।

उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम के स्वरूप में नवीनता लाने का प्रयास करें। इसके लिए दूसरे देशों के जनजातीय समूह को भी इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शामिल करने का प्रयास करें, ताकि झारखंड राज्य की जनजातीय समूह वहां के जनजातीय समूह के बारे में अच्छे से जान सकें।

बैठक में आदिवासी कल्याण आयुक्त अजयनाथ झा, प्रोजेक्ट Director ITDA संजय कुमार भगत, उप निदेशक आदिवासी कल्याण आयुक्त कार्यालय संगीता शरण, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, जिला नजारत उप समाहर्ता सुदेश कुमार, उप निदेशक TRI मोनिका रानी टुडी, सहायक निदेशक RI रांची राकेश रंजन उरांव, प्रोजेक्ट मैनेजर जुडको रांची अनुराग कुमार एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker