कोडरमा: जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के ग्राम नावाडीह में कुएं में डूबने से एक महिला की मौत हो गई।
महिला की पहचान नावाडीह निवासी प्रभु दास की पत्नी कर्मी देवी (उम्र 52 वर्ष) के रूप में की गई।
घटना बुधवार की अहले सुबह लगभग चार बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार महिला 16 जून की सुबह अपने घर से निकली थी। उसके बाद घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू कर दी।
खोजबीन के दौरान प्रभु दास को अपने घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित बगिया के कुंवे में उसकी पत्नी का शव मिला। शव मिलने के बाद इसकी सूचना मरकच्चो थाना को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सतीश कुमार व एएसआई उमेश सिंह दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुँचे एवं ग्रामीणों के सहयोग से शव को कुंए से निकालकर पोस्टमार्टम हेतु कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि पांच छह वर्षो के भीतर उसी कुंए में डूबने से पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
इधर थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की मौत के कारण का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चलेगा।