15 जुलाई को रांची आ रहे यूपी के डॉ कफील खान, कडरू के हज हाउस में मुफ्त में करेंगे बच्चों का इलाज

Newswrap

रांची : मिशन स्माइल फाउंडेशन के तहत पिछले 95 दिनों से ‘डॉक्टर्स ऑन रोड’ मुहिम चला रहे उत्तर प्रदेश के मशहूर डॉ कफील खान झारखंड की राजधानी रांची आ रहे हैं।

शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ कफील खान 15 जुलाई, यानी गुरुवार को रांची में होंगे। यहां वह कडरू स्थित हज हाउस में फ्री हेल्थ कैंप में बच्चों का मुफ्त में इलाज भी करेंगे और जरूरत पड़ने पर मरीजों को मुफ्त में दवा भी देंगे।

गुरुवार को हज हाउस में लगनेवाले इस फ्री हेल्थ कैंप का आयोजन रांची की संस्था ‘फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसायटी’ और मिशन स्माइल फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है।

डॉ कफील खान इससे पहले जमशेदपुर में पिछले चार-पांच दिनों से फ्री हेल्थ कैंप में बच्चों का मुफ्त इलाज कर रहे थे।

फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसायटी, रांची के अध्यक्ष तनवीर अहमद ने बताया कि डॉ कफील खान अपनी पूरी टीम के साथ रांची आ रहे हैं।

वह मिशन स्माइल फाउंडेशन के तहत #DoctorsOnRoad मुहिम चलाकर देश के विभिन्न हिस्सों में अब तक 90 से ज्यादा फ्री हेल्थ कैंप आयोजित कर चुके हैं।

तनवीर अहमद ने बताया कि इस कैंप में डॉक्टर और हेल्थ एक्टिविस्ट की टीम द्वारा लोगों की प्राथमिक जांच के साथ कोरोना से भी बचने के उपाय बताये जा रहे हैं। मास्क, साबुन, दवाओं का मुफ़्त वितरण भी किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि गुरुवार को कडरू स्थित हज हाउस में आयोजित होनेवाले फ्री हेल्थ कैंप में जामताड़ा विधायक और झारखंड हज कमिटी के चेयरमैन डॉ इरफान अंसारी मुख्य अतिथि होंगे।

वहीं, पूर्व उपमहापौर और झारखंड क्रिकेट एकेडमी, रांची के उपाध्यक्ष अजय नाथ सहदेव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। रांची के कुछ शिशु रोग विशेषज्ञ भी अपनी सेवा इस कैंप में देंगे।

सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक लगेगा कैंप

फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसायटी, रांची के अध्यक्ष तनवीर अहमद ने बताया कि गुरुवार को हज हाउस में सुबह नौ बजे से यह फ्री हेल्थ कैंप का आयोजन होगा, जो दोपहर दो बजे तक जारी रहेगा।

इसमें बच्चों की स्वास्थ्य जांच के लिए फ्री रजिस्ट्रेशन गुरुवार को ही सुबह नौ बजे से 11 बजे तक होगा।

उन्होंने बताया कि दोपहर दो बजे इस फ्री हेल्थ कैंप के समापन के बाद तीन बजे डॉ कफील खान कडरू स्थित हज हाउस में ही प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।