RANCHI : पानी के तेज बहाव में बह गया कांची नदी पर बना पुल

Newswrap

रांची: रांची में पहले से धंसा कांची नदी का बामलाडीह पुल पानी के तेज बहाव बह गया।

इस बार पुल के तीन स्लैब पानी में गिर गये। शनिवार देर रात पानी के तेज बहाव के कारण पुल का शेष हिस्सा भी गिर गया।

उल्लेखनीय है कि बीते 31 जुलाई को ही तमाड़ में पड़ने वाला यह पुल धंस गया था।

पुल का पीलर झुकने की वजह से बीच का एक स्लैब गिर गया था। पुल धंसने के बाद से सोनाहातू-तमाड़ का संपर्क कट गया है।

पुल धंसने की जांच ग्रामीण विकास विभाग विशेष प्रमंडल के इंजीनियरों ने की थी। अभियंताओं ने अपनी रिपोर्ट में पुल कमजोर होना बताया था।

साथ ही पहले से पुल झुका होना बताया था। यह बात भी सामने आयी कि पुल में प्रयुक्त होने वाली सामग्री घटिया थी।

विभाग ने पहले ही संवेदक को इस पुल का मरम्मत करने को कहा था लेकिन यह नहीं किया गया।

बताया गया है कि बारिश के बाद पुल मरम्मत कराने की तैयारी थी। इसी बीच पुल पूरी तरह से धंस गया।

इंजीनियरों ने अपनी रिपोर्ट में संवेदक व तत्कालीन अभियंताओं पर कार्रवाई की भी अनुशंसा की है। यह पुल 2014 में बनकर तैयार हुआ था।

महज पांच-छह साल में पुल का धंसना कई सवाल खड़े करता है। पुल आठ करोड़ के लागत से बना था।