झारखंड राजद प्रदेश इकाई की बैठक 20 को

News Desk

रांची: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख खराब स्वास्थ्य के कारण लालू रांची के रिम्स पेइंग वार्ड में भर्ती हैं। पार्टी सुप्रीमो की झारखंड में मौजूदगी से राष्ट्रीय जनता दल की प्रदेश इकाई सक्रिय हो गई है।

संगठन में लगातार नए बदलाव हो रहे हैं। पार्टी को मजबूत बनाने के लिए नए सिरे से रणनीति तैयार की जा रही है। रविवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में सदस्यता अभियान की सफलता के लिए संगठन के स्तर पर विचार-विमर्श किया जाना है।

बैठक को राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रभारी जय प्रकाश नारायण, भोला यादव और श्याम रजक संबोधित करेंगे।

इसमें पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, सभी प्रदेश के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, सभी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष को आमंत्रित किया गया है।

लालू के रांची पहुंचते ही संगठन में आई नई जान

लालू प्रसाद यादव गत 13 फरवरी को पटना से रांची पहुंचे थे। लालू के रांची आते ही संगठन में नई जान आ गई। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर अपने नेता का जोरदार स्वागत किया।

गाजे-बाजे के साथ काफिले को स्टेट गेस्ट हाउस मोरहाबादी पहुंचाया। गत 15 फरवरी को सीबीआई की अदालत ने लालू प्रसाद को दोषी करार दिया। इसके बाद उन्हें जेल भेजा गया, जहां से इलाज के लिए रिम्स में भर्ती करा दिया गया।

– 15 फरवरी को लालू दोषी करार दिए गए। इसके बावजूद दल के नेताओं का हौसला नहीं टूटा।

-16 फरवरी को प्रदेश मुख्यालय में सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई। पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी के अगुवाई में अभियान की शुरुआत हुई। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता श्याम रजक, भोला यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण समेत झारखंड राजद के कई पुराने नेता शामिल हुए।

– 16 फरवरी को पार्टी सुप्रीमो लालू के निर्देश पर दो महीने से भी अधिक समय से भंग झारखंड प्रदेश कमेटी का विस्तार किया गया। लालू ने हुसैनाबाद के पूर्व विधायक संजय सिंह यादव को झारखंड प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किया।

– इसी दिन तीन वर्ष के लिए प्रदेश के संगठनात्मक चुनाव (2022-25) के लिए पार्टी ने पूर्व मंत्री सुरेश पासवान को राज्य निर्वाचन पदाधिकारी घोषित किया, जबकि सहायक निर्वाचन पदाधिकारी इम्तियाज हुसैन वारसी, अनिता यादव और गिरजानंद सिंह चेरो को बनाया गया।

– 17 फरवरी को झारखंड राजद के अध्यक्ष संजय सिंह यादव के निर्देश पर डॉ मनोज कुमार को पार्टी का मुख्य प्रवक्ता बनाया गया।

– 18 फरवरी को युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष रहे रंजन यादव पर पार्टी सुप्रीमो ने फिर से विश्वास जताते हुए युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष का कमान सौंपा है। इसी दिन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे अभय सिंह को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई।