झारखंड : वरमाला की रस्म हो गई पूरी, अब दूल्हे को दुल्हन के साथ लेने थे सात फेरे, फिर हुआ कुछ ऐसा, लौट गई बारात

Central Desk

चतरा : हंटरगंज थाना क्षेत्र के पांडेपूरा गांव में रविवार की रात एक शादी समारोह में भोजन को लेकर बराती व सराती के बीच ऐसा बखेड़ा खड़ा हुआ कि दूल्हा राजा बगैर शादी किए अपने घर वापस लौट गया। हालांकि इस शादी में वरमाला की रस्म पूरी हो चुकी थी।

सिर्फ दूल्हे को दुल्हन के साथ सात फेरे लेने थे। सात फेरों के लिए भी शादी समारोह स्थल में विवाह मंडप सज-धज कर तैयार था। लेकिन तभी भोजन को लेकर बराती व सराती आपस में भिड़ गए।

शादी समारोह में मौजूद कुछ प्रबुद्ध लोगों ने बारातियों व सरातियों के बीच हुए झगड़े को इसी तरह सलटा लिया। लेकिन तब तक दूल्हे राजा बिना विवाह रचाए अपने घर के लिए प्रस्थान कर गए थे।

जानकारी के अनुसार पांडेपुरा गांव के स्वर्गीय केदार चौधरी की पुत्री का विवाह बिहार के गया जिला के ग्राम भरौंधा निवासी जुगेश चौधरी के पुत्र विजय चौधरी के साथ रविवार की रात दुल्हन के गांव पांडेपुरा में होनी थी।

वरमाला की रस्म होने के बाद बारातियों को भोजन खिलाया जाने लगा।

नाचते गाते बारातियों के साथ दूल्हा समय पर बारात लेकर भी पहुंच गया था। सराती पक्ष के लोगों ने उत्साह पूर्वक बारातियों का स्वागत किया। इसके बाद वरमाला की रस्म अदायगी भी उमंग के साथ पूरी की गई।

वरमाला की रस्म होने के बाद बारातियों को भोजन खिलाया जाने लगा। इसी दौरान किसी बात को लेकर बारातियों व सरातियों के बीच झंझट हो गई। लंबे समय तक शादी समारोह स्थल में बारातियों व सरातियों के बीच बखेड़ा होता रहा।

यह बात दूल्हा को काफी नागवार गुजरी। लिहाजा दूल्हा बिना किसी को बताए अपने घर वापस लौट गया। ऐसे में रविवार की रात शादी की सभी रस्में पूरी नहीं हो सकी।

सूचना है कि वधू पक्ष के लोगों ने मान मनौव्वल कर दूल्हे को शादी करने के लिए तैयार कर लिया है। वधू पक्ष के लोग विवाह के लिए प्रस्थान भी कर गए हैं।