Jharkhand weather News: झारखंड के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण शनिवार को रांची में झमाझम बारिश हुई, जबकि सुबह धनबाद में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। इसके चलते न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली है।
रविवार को 13 जिलों में ओलावृष्टि और वज्रपात का खतरा
मौसम विभाग ने रविवार को झारखंड के 13 जिलों में ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना जताई है।
इनमें दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा शामिल हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और सतर्कता बरतें।
8 जिलों में तेज हवा चलने की संभावना
इसके अलावा, राज्य के 8 जिलों में तेज हवा चलने की आशंका जताई गई है।
इनमें लातेहार, लोहरदगा, गुमला, हजारीबाग, कोडरमा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। मौसम विभाग ने इन इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
24 फरवरी से मौसम में सुधार की उम्मीद
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 24 फरवरी से राज्य में मौसम में सुधार की संभावना है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है और बारिश की स्थिति सामान्य हो जाएगी।