झारखंड

मंईयां सम्मान योजना : आधार से लिंक नहीं तो पैसा नहीं! BDO का फरमान, महिलाएं परेशान

Maiya Samman Yojana: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (Mainiyan Samman Scheme) का लाभ पाने के लिए सैकड़ों महिलाएं अब भी ब्लॉक कार्यालयों के चक्कर काट रही हैं, लेकिन योजना का पैसा उनके खातों में नहीं आ रहा।

गढ़वा जिले के खरौंधी प्रखंड में यह समस्या अधिक गंभीर है, जहां महिलाएं बार-बार अधिकारियों से संपर्क कर रही हैं, फिर भी उन्हें कोई समाधान नहीं मिल रहा।

प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) रवींद्र कुमार (Ravindra Kumar) ने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ पाने के लिए बैंक खाते का आधार से लिंक होना जरूरी है।

ब्लॉक कार्यालय पहुंच रहीं दर्जनों महिलाएं

सोमवार को खरौंधी, सुंडी, कूपा और चंदनी पंचायतों की कई महिलाओं ने ब्लॉक कार्यालय जाकर शिकायत दर्ज कराई।

लाभ से वंचित महिलाओं में शिल्पा देवी, विमला देवी, इंद्रा देवी, अंजिला देवी, शारदा देवी, सुषमा देवी, चिंता देवी, सोमरी देवी, अनीता देवी, रीना देवी, तेतरी देवी, पुष्पा देवी, चंदा देवी, सुकरी देवी, हेमंती देवी और कलावती देवी शामिल थीं।

इन महिलाओं का कहना है कि उन्होंने आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में आवेदन दिया था, लेकिन अब तक उनके खाते में पैसे नहीं आए हैं।

ब्लॉक कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी

लाभुक महिलाओं ने कहा कि वे पहले ही 4-5 बार प्रखंड कार्यालय आ चुकी हैं, लेकिन हर बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है।

किसी भी अधिकारी ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया कि उनकी राशि क्यों अटकी हुई है। अगर जल्द ही समाधान नहीं हुआ, तो वे ब्लॉक कार्यालय का घेराव करेंगी।

राजनीतिक हस्तक्षेप और आंदोलन की चेतावनी

भाजपा नेता और प्रमुख प्रतिनिधि राजेश कुमार रजक (Rajesh Kumar Rajak) ने इस मुद्दे को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन महिलाओं को योजना का लाभ देने में रुचि नहीं ले रहा है।

उन्होंने गढ़वा उपायुक्त से मामले की जांच कर लाभुकों को जल्द लाभ दिलाने की मांग की। यदि जल्द ही समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी गई है।

बीडीओ की सफाई: खाते को आधार से लिंक कराएं

BDO रवींद्र कुमार (BDO Ravindra Kumar) ने कहा कि योजना की राशि उन्हीं को मिल रही है, जिनका बैंक खाता आधार से लिंक है। जिन महिलाओं के खाते लिंक नहीं हैं, उन्हें पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी, तभी पैसा खाते में आएगा।

Back to top button
x

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker