विधायक ने की रांची और हटिया रेलवे स्टेशन का नाम इनके नाम पर रखने की मांग

Central Desk

रांची : झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सह विधायक बंधु तिर्की ने रेल मंत्री और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शनिवार को पत्र लिखा है।

इसमें उन्होंने रांची रेलवे स्टेशन का नाम जयपाल सिंह मुंडा और हटिया स्टेशन का नाम शहीद विश्वनाथ शाहदेव के नाम पर रखने की मांग की है।

बंधु तिर्की ने पत्र में लिखा है कि जयपाल सिंह मुंडा राजनीतिज्ञ, पत्रकार, लेखक, संपादक, शिक्षाविद, खिलाड़ी और कुशल प्रशासक बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उनका मानना था कि आदिवासी यहां के मूल निवासी हैं।

उसी प्रकार अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव ने अपने नेतृत्व और पराक्रम से अंग्रेजी हुकूमत की जड़ें हिला दी थी।

ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव का जन्म 12 अगस्त 1817 को वर्तमान के रांची जिला अंतर्गत बड़कागढ़ की राजधानी शतरंजी में हुआ था। पिता की मृत्यु के बाद विश्वनाथ शाहदेव ने बड़कागढ़ की गद्दी संभाली।