सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में मुंबई पुलिस को बदनाम किया गया: परमबीर सिंह

News Aroma Media
#image_title

मुंबई: मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने आज कहा कि फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह मौत के मामले में कुछ लोगों ने अनायास मुंबई पुलिस को बदनाम किया।

लेकिन केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के जांच का नतीजा किसी भी तरह मुंबई पुलिस की जांच के परिणाम से अलग नहीं होगा।

परमबीर सिंह शुक्रवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई जल्द ही किसी न किसी निष्कर्ष पर पहुंचेगी।

वह निष्कर्ष हमारी जांच से अलग नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने भी कहा था कि मुंबई पुलिस प्रोफेशनल जांच कर रही है।

लेकिन कुछ लोगों ने स्वार्थ के लिए इस मामले में मुंबई पुलिस को बदनाम करने की कोशिश की।

परमबीर सिंह ने कहा कि जो लोग उस समय मुंबई पुलिस की जांच पर सवाल उठा रहे थे, अब दिन गिन रहे हैं, वे सभी अब खामोश हैं।

उल्लेखनीय है कि फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत बांद्रा स्थित उनके फ्लैट में 14 जून 2020 को हो गई थी।

इस मामले की जांच पहले मुंबई पुलिस कर रही थी। बाद में सुशांत सिंह के पिता केके सिंह ने इस मामले को लेकर पटना में एफआईआर दर्ज कराई।

इसके बाद मामले की जांच सीबीआई को दे दी गई। अभी तक सीबीआई किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।