कंगना रनौत मामले में रितिक रोशन को मुंबई पुलिस ने समन भेज 27 फरवरी को किया तलब

Central Desk
2 Min Read

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत से जुड़े आईटी कानून के मामले में अभिनेता रितिक रोशन से पूछताछ और बयान दर्ज कराए जाने के लिए मुंबई पुलिस की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट ने समन भेजा है।

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बताया है कि रितिक को 27 फरवरी को इस मामले में पेश होने के लिए कहा गया है। इस केस में रितिक और कंगना दोनों ने कथित तौर पर एक दूसरे को ईमेल्स भेजे थे।

यह समन साल 2016 से जुड़े केस में है, जिसे दो महीने पहले सीआईयू को ट्रांसफर कर दिया गया था। उस केस में शिकायतकर्ता भी रितिक रोशन ही हैं।

कंगना रनौत से जुड़े इस केस का पहले साइबर पुलिस स्टेशन इनवेस्टिगेशन कर रही थी। रितिक रोशन ने 5 साल पहले आईपीसी के सेक्शन 419 और आई ऐक्ट के सेक्शन 66 (सी) और 66 (डी) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

कंगना रनौत से जुड़ा विवाद इसी के बाद कई महीनों तक सुर्खियों में रहा था। दोनों ने एक दूसरे को कई लीगल नोटिस भेजे थे।

- Advertisement -
sikkim-ad

इसलिए इस केस में बाद में कंगना का भी स्टेटमेंट लिया जा सकता है। रितिक रोशन को साल 2013-14 में उनके मेल आईडी पर सैकड़ों मेल आए थे।

नामी वकील महेश जेठमलानी ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को इसी संदर्भ में दिसंबर, 2020 में एक पत्र लिखा था कि उस केस में अभी तक कोई प्रगति नहीं हुई है।

उसी के बाद मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने वह केस साइबर सेल से सीआईयू को ट्रांसफर कर दिया था।

बता दें कि कंगना रनौत ने कथित तौर पर रितिक रोशन पर यह आरोप लगाया था कि वह उनके साथ रिलेशनशिप में थे और उन्होंने शादी करने से इनकार कर दिया था।

इसके बाद दोनों के बीच काफी टाइम तक एक-दूसरे को कानूनी नोटिस भेजे गए थे।

Share This Article