हजारीबाग के बहोरनपुर में बनेगा म्यूज़ियम: जयंत सिन्हा

News Aroma Media

हजारीबाग: सांसद जयंत सिन्हा शनिवार को बहोरनपुर पहुंचकर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा की जा रही खुदाई कार्य का निरीक्षण किया।

भगवान बुद्ध की दो प्राचीन व बहुमूल्य मूर्तियों की चोरी और बरामदगी के बाद सांसद पहली बार हज़ारीबाग और बहोरनपुर पहुंचे थे।

उन्होंने पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधिकारियों के साथ वार्ता की। साथ ही स्थानीय लोगों के साथ भी विचार विमर्श किया।

इस क्रम में सांसद को बताया गया कि खुदाई स्थल से 15 मूर्तियां व विशिष्ट अवशेष बिहार स्थित सर्वेक्षण विभाग के म्यूजियम में ले जाया गया है।

यहां से प्राप्त अवशेषों व मूर्तियों को यहां बनने वाले म्यूजियम में रखे जाने की वकालत की।

उन्होंने दो बहुमूल्य मूर्तियों की बरामदगी मामले में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों को बधाई दी।

साथ ही कहा कि ऐसी घटनाएं दोबारा ना घटे, इसके लिए यहां फ्लडलाइट और सीसीटीवी जल्द ही लगाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संसद सत्र के दौरान पर्यटन मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल एवं भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की महानिदेशक के साथ भी वार्ता कर चुके हैं।

सांसद ने दावा किया कि मंत्री पटेल व महानिदेशक ने उन्हें आश्वस्त किया है कि खुदाई स्थल पर जो भी संसाधन लगेगा, उसे मुहैया कराया जाएगा।

सांसद ने कहा कि यह स्थल करीब 50- 60 एकड़ में बसा हुआ है।

ऐसे में यहां खुदाई एक लंबी प्रक्रिया है और कई सालों तक चलने वाली है।

उन्होंने कहा कि हजारीबाग को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का काम किया जाएगा।