महाराष्ट्र के तीन जिलों में मिला डेल्टा प्लस वेरिएंट, विशेषज्ञों ने दी तीसरी लहर की चेतावनी

Newswrap

मुंबई: महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर लगभग थम सी गई है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। दरअसल राज्य में कोरोना के नए वेरिएंट दिखे हैं। इसे डेल्टा प्लस का नाम दिया गया है।

कोरोना का ये नया रूप डेल्टा वेरिएंट ((बी।1।617।2) ) में ही म्यूटेशन के बाद दिखा है। इस नए वेरिएंट के सैंपल फिलहाल महाराष्ट्र के तीन क्षेत्र- नवी मुंबई, पालघर और रत्नागीरी से मिले हैं।

फिलहाल इसे ‘वेरिएंट ऑफ इंट्रेस्ट’ की कैटेगरी में रखा गया है, यानी इसमें ये पता लगाने कि कोशिश की जाएगी कि किस तरह से ये अपना रूप बदल रहा है।

राहत की बात ये है कि फिलहाल इसे ‘वेरिएंट ऑफ कंसर्न’ में नहीं रखा गया है, यानी तुरंत चिंता की बात नहीं है।

उधर एक विशेषज्ञ की मानें तो अगर भारत में कोरोना की तीसरी लहर आती है तो फिर इसके लिए डेल्टा प्लस वेरिएंट ही ज़िम्मेदार होगा।

साथ ही ये भी दावा किया गया है कि इस वेरिएंट से एक्टिव केस 8 से 10 लाख तक जा सकते हैं, जिसमें से 10 प्रतिशत संख्या बच्चों की हो सकती है।

कहा जा रहा है कि कोरोना का ये नया वेरिएंट इम्यून सिस्टम को भी चकमा दे सकता है।

आपको बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना के केस लगातार घट रहे हैं। लेकिन अभी भी कोल्हापुर, सिंधुदुर्ग, रायगढ़, रत्नागिरी, सतारा और सांगली सहित पश्चिमी महाराष्ट्र के जिलों में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट भी काफी ज्यादा है।