मुंबई में ब्लैक फंगस से अब तक 156 मरीजों की मौत

Newswrap

मुंबई: मुंबई में म्यूकर माइकोसिस (ब्लैक फंगस) से अब तक 156 मरीजों की मौत हो चुकी है। इस समय मुंबई के विभिन्न अस्पतालों में ब्लैक फंगस से संक्रमित 212 मरीजों का इलाज जारी है।

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में ब्लैक फंगस से निपटने के लिए प्रभावी व्यवस्था की है।

बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकानी के अनुसार रविवार रात तक मुंबई के विभिन्न अस्पतालों में ब्लैक फंगस के कुल 804 मरीज भर्ती किए गए थे।

इनमें से 436 मरीजों को इलाज के बाद उनके घर भेज दिया गया है, जबकि 156 मरीजों की मौत हो चुकी है। इस समय मुंबई के विभिन्न अस्पतालों में ब्लैक फंगस के 212 मरीजों का इलाज जारी है।

उन्होंने बताया कि मुंबई में समूचे राज्य के ब्लैक फंगस मरीजों का इलाज हो रहा है, जबकि सिर्फ मुंबई में पूरे राज्य के 30 फीसदी मरीज पाए गए हैं। मुंबई में ब्लैक फंगस के अब तक 232 मरीज पाए गए हैं।

इनमें 47 मरीजों की मौत हो चुकी है, 115 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है और 70 मरीजों का इलाज जारी है।

मुंबई के अस्पतालों में मुंबई के बाहर के 109 मरीजों की मौत हुई है और 321 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है।

अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकानी के अनुसार ब्लैक फंगस के मरीजों के इलाज के लिए राज्य सरकार की ओर से नियुक्त टास्क फोर्स के दिशा-निर्देशों के अनुसार मुंबई के केईएम, नायर, सायन और कुपर अस्पतालों में ब्लैक फंगस मरीजों के इलाज की व्यवस्था की गई है।

इसके लिए लगने वाली सभी दवाइयां अस्पतालों में उपलब्ध करवाई गई हैं।