पेटरवार में बवाल के बाद हालात सामान्य, गली-मुहल्लों में पुलिस तैनात, धारा 144 लागू

Central Desk
4 Min Read

बोकारो: ज़िले के पेटरवार में सड़क जाम कर उपद्रव करने वालों पर हुई पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके के तीन पंचायतों में धारा 144 लागू कर दी गई थी।

वहीं हर गली-मुहल्लों में पुलिस जवानों को तैनात कर दिया गया था। ताकि फिर कहीं पेटरवार में उपद्रवियों की ओर से हंगामा नहीं किया जा सके।

सुबह में पेटरवार में एनएच के किनारे की दुकानें खुली। जबकि पेटरवार बाजार के दुकानें बंद ही रही। वहीं लोगों का आना-जाना भी होता रहा।

ऐसे में पुलिस दिन भर पेटरवार के केवट टोला, मठ टोला, बाजार टांड़, मेलाटांड़, खत्री टोला के अलावा पेटरवार चौक, मस्जिद रोड़ में भ्रमण करती रही।

सड़क जाम कर उपद्रव करने वाले को पुलिस ने जेल भेजा

दुष्कर्म की घटना के बाद पेटरवार तेनु चौक पर उपद्रव फैलाने वालों में पुलिस ने चंदनकियारी के सहारजोरी निवासी संतोष कुमार तिवारी और पेटरवार खत्री टोला निवासी रौशन कुमार सेठी को पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

- Advertisement -
sikkim-ad

दोनों की गिरफ्तारी पुलिस ने घटनास्थल से की थी। इनके अलावे जो लोग लाठी-डंडा लेकर विधि व्यवस्था खराब किए हुए थे। उनकी पहचान करते हुए छापेमारी शुरू कर दी है।

परिजनों ने इन पर लगाया दुष्कर्म करने का आरोप

नाबालिक को स्कूल जाने के क्रम में अगवा करने के बाद दुष्कर्म के दो आरोपियों को पेटरवार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। दोनाें को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

जबकि पीड़िता के परिजनों की ओर से चार युवकों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया था। वहीं दो आरोपियों के मामले में पुलिस अनुसंधान कर रही है।

पीड़िता का चल रहा इलाज

घटना के बाद पीड़िता को गंभीर हालत में सदर अस्पताल भर्ती किया गया था। जहां पर शुक्रवार को उसकी हालत में पूरी तरह से डॉक्टरों को सुधार लगने लगा है।

रात भर उसके स्वास्थ्य मॉनिटरिंग के लिए एक महिला डॉक्टर की ड्यूटी लगाई गई थी। वहीं उसके मेडिकल जांच के लिए पांच डॉक्टरों की टीम थी।

जांच के बाद सैंपल को रांची भेज दिया गया है। वहां से रिपोर्ट अाने का इंतजार है। अभी पीड़िता का इलाज सदर अस्पताल में ही चल रहा है।

पेटरवार में मौजूद पुलिस के जवान। शांति समिति की बैठक

पेटरवार में शांति व्यवस्था बहाल किये जाने को लेकर एसपी चंदन कुमार झा शुक्रवार को पेटरवार थाना भी पहुंचे। जहां पर शांति समिति की बैठक में भाग लेकर सभी लोगों ने शांति बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि विधि व्यवस्था बनाए रखने में पेटरवार के लोगों ने काफी सहयोग किया है। कुछ लोगों ने सड़क जाम कर महौल को बिगाड़ने की कोशिश भी की थी।

उन उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। उन्हें किसी भी हालत में नहीं छोड़ा जाएगा। उपद्रवियों की पहचान वीडियोग्राफी से की जा रही है। जो भी व्यक्ति इसमें शामिल थे।

एक-एक लोग की पहचान की जा रही है। लोगों की कुछ मांग भी सामने आई है, उस पर भी जांच करते हुए कार्रवाई की जाएगी। उपद्रवियों से प्रोपर्टी डेमेज वसूली के साथ-साथ उन्हें जेल भी भेजा जाएगा।

मौके पर एसडीपीओ सतीश चंद्र झा, चास एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार कुमार, बेरमो एसडीओ अनंत कुमार, ट्रैफिक डीएसपी पूनम मिंज, प्रमुख सीमा देवी, भाजपा नेता सुधीर कुमार सिन्हा, बीडीओ शैलेंद्र चौरसिया, सीओ ब्रजेश श्रीवास्तव, मुखिया अजय कुमार सिंह, झामुमो नेता मनोहर मुर्मू, 20 सूत्री प्रखंड अध्यक्ष मुकेश महतो, प्रह्लाद महतो, मुमताज अंसारी, मो. एकराम, गुलाम शामदनी, कौशर हासमी, श्यामसुंदर मंडल सहित पेटरवार और गोमिया के थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Share This Article