लोहरदगा में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़, पांच लाख का इनामी नक्सली ढेर

News Aroma Media

लोहरदगा: जिले के पेशरार थाना क्षेत्र अंतर्गत बुलबुल जंगल में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी और सुरक्षा बलों के बीच बुधवार को एक बार फिर मुठभेड़ हुई।

मुठभेड़ में दोनों ओर से करीब सौ चक्र गोलियां चलीं। गोलीबारी में एक नक्सली मारा गया। मारे गए नक्सली की पहचान बालक गंझू के रूप के रूप में हुई है। उसपर पांच लाख का इनाम घोषित था।

इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने मोर्टार, टीएनटी बम और स्वचालित हथियारों का भी उपयोग किया। पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली बुलबुल पहाड़ की ओर भाग निकले।

जानकारी के मुताबिक नक्सली नाले में पानी लेने के लिए उतरे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को देखकर फायरिंग शुरू की।

इसके जवाब में सुरक्षाबलों की ओर से मोर्टार और बम से हमला किया गया। पुलिस के द्वारा लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियान की वजह से नक्सली भूख और प्यास से छटपटा रहे हैं। इसी वजह से वे जंगल से निकलना चाह रहे हैं।

नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, सैट झारखंड जगुआर और जिला पुलिस बल के अधिकारी और जवान शामिल रहे।