One old man died, four injured due to lightning : झारखंड के रांची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र में रविवार, 20 अप्रैल 2025 की शाम 4:30 से 5:00 बजे के बीच अलग-अलग जगहों पर वज्रपात की तीन घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। इन घटनाओं में 65 वर्षीय रघुनाथ सिंह मुंडा की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
मृतक सिल्ली के तुइकू गांव के निवासी थे और जरोदा-सायाटांड़ सड़क किनारे झोपड़ीनुमा दुकान में आयुर्वेदिक दवा बेचते थे। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स, रांची और सिंगपुर अस्पताल, मुरी रेफर किया गया है। सोनाहातू पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना
सबसे गंभीर घटना जरोदा-सायाटांड़ सड़क किनारे रघुनाथ सिंह मुंडा की झोपड़ी में हुई। रविवार शाम तेज बारिश के दौरान रघुनाथ अपनी झोपड़ी में थे, जहां बारिश से बचने के लिए तमाड़ के चड़ुआडीह निवासी परेश अहीर और लांदुपडीह गांव की कृष्णवती देवी भी रुके थे।
अचानक झोपड़ी पर ठनका गिरा, जिससे रघुनाथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परेश और कृष्णवती गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत सोनाहातू पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोनाहातू में प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स, रांची रेफर किया गया।
दूसरी घटना
सोनाहातू थाना क्षेत्र के ओडेदारू गांव में एक खपरैल घर पर ठनका गिरने से 18 वर्षीय सुकरमनी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। सुकरमनी उस समय घर में थी, जब बारिश के बीच वज्रपात हुआ। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत सीएचसी सोनाहातू पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया। सुकरमनी की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
तीसरी घटना
इसी दौरान बारेन्दा चौक पर एक अन्य घटना में युवराज महतो (जुड़गा-लोवाडीह निवासी) गंभीर रूप से घायल हो गए। युवराज टाटीसिलवे से अपने घर लौट रहे थे और बारिश से बचने के लिए एक झोपड़ीनुमा घर में रुके थे। अचानक उस झोपड़ी पर ठनका गिरा, जिससे वह बुरी तरह झुलस गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सिंगपुर अस्पताल, मुरी पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।