Pahalgam terror attack: जम्मू-कश्मीर: पहलगाम के बैसारन घाटी में हुए आतंकी हमले ने देश को हिलाकर रख दिया। इस हमले में 26 लोगों की जान गई और दर्जनों घायल हुए। हमले के बाद पर्यटकों में दहशत फैल गई थी, जिससे घाटी के पर्यटन स्थल सूने हो गए थे।
हालांकि, अब पर्यटक धीरे-धीरे लौट रहे हैं, और स्थानीय लोग, सेना व सरकार के सहयोग से सामान्य स्थिति बहाल हो रही है। अभिनेता अतुल कुलकर्णी ने रविवार को ‘चलो कश्मीर’ की अपील के साथ पहलगाम का दौरा किया, जिससे पर्यटकों का हौसला बढ़ा है।
सूरत, गुजरात से आए पर्यटक मोहम्मद अनस ने कहा, “हमें कश्मीर बहुत अच्छा लगता है। आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों का दुख है, लेकिन अब डरने की कोई बात नहीं। भारतीय सेना, सरकार और स्थानीय लोग हमारी सुरक्षा के लिए हैं।
हमले के बाद हम तुरंत कश्मीर छोड़ना चाहते थे, लेकिन स्थानीय लोगों और सेना ने हमें प्रोत्साहित किया, और हमने यात्रा जारी रखी।”
क्रोएशिया से आए एक पर्यटक ने कहा, “यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। स्थानीय लोग बेहद स्वागत करने वाले हैं। हमले की घटना से दुख हुआ, लेकिन डर नहीं।
ऐसी घटनाएं दुनियाभर में होती हैं, कोई जगह पूरी तरह सुरक्षित नहीं। यूरोप में भी ऐसे हमले हुए हैं।”
एक अन्य क्रोएशियाई पर्यटक ने बताया, “हम तीन-चार दिनों से यहां हैं और सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। भारत बहुत खूबसूरत है, और हमें कोई समस्या नहीं हुई। लोग दयालु हैं।
हम 13 लोगों का समूह हैं, और घटना की जानकारी के बावजूद हम आए। अब हमें यहां सुरक्षित लगता है।”