हज़ारीबाग: इचाक थाना क्षेत्र के कर्बला मैदान के पास से पुलिस जवान सह पीसीआर वैन के चालक विरेन्द्र मेहता (33) का शव बरामद किया गया है।
शव पुलिस वर्दी में है। शव पड़े होने की जानकारी करीब 8.30 बजे लोगों को मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिए हज़ारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई।
बताया गया है कि वह चतरा जिला के मयूरहंड का रहने वाला था और उसका ससुराल इचाक थाना क्षेत्र में है।
वह हज़ारीबाग शहर के कोर्रा थाना क्षेत्र के दीपुगढ़ा में रह रहा था।
पुलिस उपाधीक्षक अमिता लकड़ा ने जवान की हत्या की संभावना जताई। साथ ही कहा कि कुछ सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। उन्होंने जल्द ही मामले का खुलासा कर लिए जाने की बात कही।