गांधी जी और शास्त्री जी के जीवन से जुड़े आचरण को अपनाने की जरूरत: रामगढ़ DC

Central Desk
4 Min Read

रामगढ़: मुक्तिधाम संस्था रामगढ़ के तत्वावधान में शनिवार को गांधी जयंती पर गांधी घाट पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया।

सर्वप्रथम गांधी चौक में स्थित गांधी जी की प्रतिमा पर डीसी माधवी मिश्रा, एसपी प्रभात कुमार, डीडीसी नागेंद्र कुमार सिन्हा, एसडीओ जावेद हुसैन और छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी एम एस हरिविजय सहित शहर के अन्य लोगों ने माल्यार्पण कर नमन किया।

इसके उपरांत गांधी घाट पर गांधीजी की अस्थि कलश पर डीसी, एसपी सहित अन्य लोगों ने पुष्प अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि दी।

मौके पर डीसी माधवी मिश्रा ने कहा कि गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और एकता का संदेश दिया था जो आज के समय में सबसे अधिक प्रसांगिक है।

हम सभी उनके आदर्शों को अपने जीवन में शामिल कर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं।

- Advertisement -
sikkim-ad

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आप सभी से अपील करती है कि अगर गांधी जी और शास्त्री जी को सच्ची श्रद्धांजलि देनी है तो, उनके जीवन का जो भी आचरण है उसे अपनाएं, तभी समाज का कल्याण हो सकेगा।

उन्होंने मुक्तिधाम संस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस तरह कोरोना काम में मुक्तिधाम संस्था ने काम की है वह काफी सराहनीय है।

गांधी जी के उपदेशों को हम सभी को अपनाने की जरूरत : एसपी

एसपी प्रभात कुमार ने कहा कि गांधी घाट एक पवित्र जगह है। गांधीजी और शास्त्री जी के उपदेशों को हम सभी को अपनाने की जरूरत है। हम सभी जानते है कि गांधी जी का अस्थि कलश यह रखा गया है।

 गांधीजी के जीवन का 5 प्रतिशत भी हम सभी अपना लें तो समाज से विकृतियां दूर होगी।

उन्होंने कहा कि कोरोना काल में रांची के लोगों का भी गांधी घाट में दाह संस्कार किया गया था और जिस तरह संस्था द्वारा बढ़-चढ़कर इस महामारी में अपना दायित्व निभाया है वह काफी प्रशंसनीय है।

विधायक ममता देवी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के साथ रामगढ़ का इतिहास भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने जिस तरह देश की आजादी के लिए चल रही जंग में अपना योगदान दिया था, उतना बड़ा योगदान किसी और का नहीं है।

आज भी अगर कहीं सत्य और अहिंसा की बात आती है तो वहां गांधी जी का नाम चरितार्थ होता है।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा की राह पर चलकर पूरी दुनिया को दिशा दिखाई थी।

उन्होंने कहा था कि अगर किसी से जंग लड़नी है तो उसके लिए खून बढ़ाने के बजाय अपना पसीना बहाना ज्यादा बेहतर है।

किसी की गर्दन काटने से बेहतर है उसके दिल और दिमाग पर अपनी छाप छोड़ी जाए।

कार्यक्रम में सीएस डॉ प्रभात कुमार, मुख्यालय डीएसपी संजीव कुमार मिश्रा, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, भाजपा जिला महामंत्री रंजन फौजी, मुक्तिधाम संस्था के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, सचिव भास्कर दत्ता, राजेश अग्रवाल, डॉ के चंद्रा, महेंद्र अग्रवाल, रविन्द्र साहू आदि उपस्थित थे।

Share This Article