झारखंड से केंद्र ने मांगा CRPF की 30 कंपनी, पुलिस मुख्यालय की बढ़ी परेशानी!

News Aroma Media

रांची: पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गोवा व मणिपुर में शांतिपूर्ण चुनाव के लिए केंद्र सरकार ने झारखंड सरकार से यहां पदस्थापित सीआरपीएफ के जवानों की 30 कंपनी मांगी है।

झारखंड पुलिस मुख्यालय इस बात को लेकर परेशान है कि झारखंड में नक्सलियों के विरुद्ध हुई कार्रवाई के बाद नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।

बल केंद्र को दिए जाने से झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान प्रभावित हो सकता है। पुलिस मुख्यालय ने झारखंड सरकार को पत्र लिखकर यह आग्रह किया है कि केंद्र को इस समस्या से अवगत कराते हुए अनुरोध किया जाए।

हाल के दिनों में कई बड़े नक्सलियों की गिरफ्तारी व आत्मसमर्पण के बाद नक्सली बौखलाहट में है।

पुलिस मुख्यालय ने अपने आग्रह में बताया है कि एक करोड़ के इनामी प्रशांत बोस उर्फ किशन की गिरफ्तारी तथा कुख्यात महाराज प्रमाणित के आत्मसमर्पण के बाद नक्सली पुलिस को क्षति पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

झारखंड में तैनात हैं 136 कंपनी केंद्रीय बल

झारखंड में 136 कंपनी केंद्रीय बल को नक्सल विरोधी अभियान में लगाया गया है। इनमें 112 कंपनी सीआरपीएफ के जवान शामिल हैं।