रांची : जमीन म्यूटेशन के लिए घूस लेने के आरोपित रातू अंचल के CO प्रदीप कुमार (CO Pradeep Kumar) को ACB ने शुक्रवार को कोर्ट के समक्ष पेश किया।
उन्हें रांची सिविल कोर्ट स्थित ACB की विशेष न्यायालय में कड़ी सुरक्षा के बीच प्रस्तुत किया गया। इसके बाद न्यायालय ने उन्हें और अन्य अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (Birsa Munda Central Jail) भेज दिया है।
बरामद पैसों को ACB ने जब्त कर लिया
भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ACB की टीम ने गुरुवार को रातू अंचल कार्यालय में छापेमारी की थी। इस दौरान ACB के अधिकारियों ने रातू CO प्रदीप कुमार, हलका कर्मचारी सुनील सिंह और एक दलाल को 25 हजार घूस लेते गिरफ्तार किया था।
अंचल कार्यालय में छापेमारी के बाद ACB की टीम प्रदीप कुमार को लेकर उनके रातू रोड स्थित इंद्रपुरी रोड नंबर एक आवास भी पहुंची और वहां भी छापेमारी की। इसमें करीब दो लाख रुपये से ज्यादा की कैश की बरामदगी हुई। बरामद पैसों को ACB ने जब्त कर लिया।
CO प्रदीप कुमार ने एक व्यक्ति से जमीन मामले में काम करने के लिए 25 हजार घूस मांगी थी। इसके बाद उसने इसकी शिकायत रांची ACB से की।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान पाया गया कि एक दलाल के माध्यम से CO प्रदीप कुमार और हल्का कर्मचारी घूस लेने का काम कर रहे हैं, जिस जमीन का म्यूटेशन (Land Mutation) करने के एवज में घूस मांगी जा रही थी। वह रातू अंचल के पाली में स्थित है।