RANCHI : दुष्कर्म के आरोपी बाप-बेटे को जेल, किरायेदार की पत्नी के साथ किया था रेप

News Aroma Media

रांची: राजधानी रांची में किरायेदार की पत्नी के साथ मकान मालिक बाप-बेटे द्वारा दुष्कर्म करने का शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है।

इतना ही नहीं, दुष्कर्म का विरोध करने पर बेटे ने जान से मारने व बाप ने पीड़िता को गायब करने की धमकी दे डाली। घटना खेलगांव थाना क्षेत्र के गाड़ीगांव का है।

मामले में पीड़िता व उसके पति ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी तुलसी कुमार साव व बाप गुलटन साव को गिरफ्तार करके शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

इससे पहले केस आईओ श्याम ने मामले की जांच की।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, आरोपी गुलटन साव ठेकेदारी करता है और उसी के यहां पीड़िता का पति मजदूरी करता था।

उसी के घर पर वह किराये पर भी रहता था। बीते 21 सितंबर 2020 को पीड़िता का पति काम करने घर से बाहर गया था।

ऐसे में पीड़िता घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी तुलसी उसके घर में घुस गया और अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दे डाली।

पुलिस को बताया तो गायब कर दूंगा

शाम में जब पीड़िता का पति काम से घर लौटा तो उसने घटना की पूरी जानकारी दी।

पीड़िता और उसके पति ने जब गुलटन को घटना की जानकारी दी तो उसने भी उसे जान से मारने की धमकी दे डाली।

कहा कि अगर वह पुलिस को इसकी जानकारी देगा तो उसे गायब करवा देंगे।