JSSC ने जारी किया 2022 की परीक्षाओं का कैलेंडर, फरवरी से मार्च तक जारी होंगे सभी विज्ञापन

News Aroma Media

रांची: नियुक्ति नियमावलियों के पेंच में फंसे झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी ) ने हाल के दिनों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं को रद्द कर दिया था लेकिन जेएसएससी ने 2022 में होने वाली परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है।

इस साल कुल सात प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।

आयोग झारखंड वैज्ञानिक सहायक प्रतियोगिता परीक्षा 2021, झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2021,

झारखंड डिप्लोमा स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2021, इंटरमीडिएट स्तर (कंप्यूटर ज्ञान एवं कंप्यूटर में हिंदी टंकण अर्हता धारक पद) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2022, मैट्रिक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा 2022 और इंटरमीडिएट स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा 2022 आयोजित करेगा।

फरवरी से मार्च तक जारी होंगे सभी विज्ञापन

हालांकि, अभी तक इसकी तिथि घोषित नहीं की गई है। झारखंड वैज्ञानिक सहायक प्रतियोगिता परीक्षा 2021, झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2021 और झारखंड डिप्लोमा स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2021 का विज्ञापन प्रकाशित हो चुका है,

जबकि शेष चार प्रतियोगी परीक्षाओं का विज्ञापन फरवरी और मार्च के तीसरे सप्ताह तक जारी करने की बात कही गई है। गौरतलब है कि आयोग 1 नवंबर 2021 को छह विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं रद्द कर चुका है।