पांच राज्यों में चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट

Digital News
3 Min Read

नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग आईएमडी ने 5 राज्यों में चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है।

वहीं, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने अरब सागर में बन रहे चक्रवात ‘तौकते’ से निपटने के लिए 53 दलों को तैयार किया है।

इन दलों को पांचों राज्यों केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में तैनात किया जा रहा है।

आईएमडी ने कहा कि 17 मई को तौकते के अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है।

मौसम स्थिति गहरे दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गई है।

- Advertisement -
sikkim-ad

इसके शनिवार सुबह तक चक्रवाती तूफान तौकते में तब्दील होने की संभावना है।

रात तक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है।

आईएमडी के चक्रवात चेतावनी प्रभाग ने कहा कि 16 से 19 मई के बीच पूरी संभावना है कि यह 150-160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवा के साथ एक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होगा।

हवा की रफ्तार बीच-बीच में 175 किलोमीटर प्रति घंटा भी हो सकती है।

मौसम विभाग ने कहा कि लक्षद्वीप में 15 मई को कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होगी।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल एनडीआरएफ ने अरब सागर में बन रहे चक्रवात तौकते से निपटने के लिए 53 दलों को तैयार किया है।

एनडीआरएफ के महानिदेशक एस एन प्रधान ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात और महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में इन दलों को तैनात किया जा रहा है।

इन 53 दलों में से 24 दलों को पहले ही तैनात कर दिया गया है, जबकि शेष को तैयार रहने को कहा गया है।

आईएमडी ने बताया कि यह तूफान 18 मई की शाम तक गुजरात तट के नजदीक पहुंच सकता है।

इस चक्रवात को तौकते नाम म्यांमार ने दिया है।

यह भारतीय तट पर इस साल पहला चक्रवाती तूफान होगा।

मुंबई और कोंकण क्षेत्र में चक्रवाती तूफान आने की चेतावनी के बीच मछली पकड़ने वाली 142 नौकाएं तट पर लौट आईं।

रायगढ़ के मत्स्य पालन विभाग के सहायक आयुक्त सुरेश भारती ने बताया कि 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

मौसम संबंधी परामर्श के बाद विभाग ने मछुआरों को तट पर लौटने की सलाह दी थी।

अलीबाग, मुरुद और उरण तालुक से मछली पकड़ने वाली 142 नौकाएं शुक्रवार सुबह तट पर लौट आईं।

आईएमडी ने कहा कि रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में रविवार और सोमवार को भारी बारिश होने की संभावना है।

वहीं मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में सोमवार को बारिश होगी।

रायगढ़ में शनिवार को तेज हवा चलने के साथ बारिश का अनुमान है।

Share This Article