रांची: झारखंड भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री और कोरोना टीकाकरण अभियान के प्रदेश संयोजक सुबोध सिंह गुड्डू ने गुरुवार को कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने अब तक 37 हजार से अधिक लोगों को टीकाकरण अभियान में मदद पंहुचाई है।
राज्य में पार्टी का जन जागरुकता अभियान जारी है।
पार्टी राज्य के सभी जिलों में हेल्पडेस्क के माध्यम से आम लोगों की मदद कर रही है।
उन्होंने कहा कि हेल्प डेस्क के माध्यम से टीकाकरण को लेकर न सिर्फ जानकारी दी जा रही है, बल्कि पानी और जूस आदि मुहैया कराकर टीका लेने वालों की मदद भी की जा रही है।
साथ ही जो वृद्धजन अस्पताल तक जाने में असमर्थ हैं उन्हें पार्टी कार्यकर्ता टीकाकरण केंद्र तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। अभी तक राज्यभर के विभिन्न जिलों में 431 हेल्प डेस्क बनाये गये हैं।
इसके अलावा 12 हजार से अधिक घरों में संपर्क कर लोगों को वैक्सीन की जानकारी दी गयी है।