पारा शिक्षक की रांची में इलाज के दौरान हुई मौत, यहां अब तक 5 पारा शिक्षकों की हो चुकी है मौत

Newswrap

हज़ारीबाग: बड़कागांव प्रखंड के चौपदार बलिया निवासी इलाजरत पारा शिक्षक 47 वर्षीय मनोज गिरी का देहांत हो गया।

उनका इलाज कई दिनों से रांची के अस्पताल में चल रहा था।

वे उत्क्रमित मध्य विद्यालय इंदिरा में पारा शिक्षक पद पर कार्यरत थे।

वह अपने पीछे पत्नी सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए।

पारा शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष शमशेर आलम ने कहा कि पिछले कुछ दिनों के अंदर 5 शिक्षकों की मौत से हम काफी दुखी हैं।

इधर पारा शिक्षक संघ का कहना है कि कोराेना जैसी महामारी में जिले के पारा शिक्षकों को विभिन्न अस्पतालों/ विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट के रूप में प्रतिनियुक्ति किया जा रहा है।

ऐसी परिस्थिति में पारा शिक्षकों के जान-माल को नुकसान होने की ज्यादा संभावना है और इससे इनकार भी नहीं किया जा सकता है।

पारा शिक्षक अल्प मानदेय भोगी हैं।

पारा शिक्षकाें काे मजिस्ट्रेट के रूप में प्रतिनियुक्त किया जा रहा है, लेकिन उसके बदले किसी भी तरह का अतिरिक्त मानदेय/भत्ता का भुगतान नहीं किया जा रहा है और न ही सरकारी सेवकों के समान कोई सुविधा दी जा रही है।

यहां तक कि केंद्र की और से घोषित 50 लाख का बीमा कवर भी नहीं किया जा रहा है।

ऐसे में हमारे राज्य के पारा शिक्षक अपने भविष्य को लेकर काफी भयभीत हैं।

अगर ड्यूटी में तैनात पारा शिक्षकों को संक्रमण हो जाता है तो वे अपना इलाज तक करा पाने में असक्षम हैं।

इससे कभी भी किसी के साथ अनहोनी होने की संभावना प्रबल दिख रही है और पारा शिक्षकों का भविष्य अंधकार में हो जाएगा।

इसलिए सरकार से हम मांग करते हैं कि झारखंड के पारा शिक्षकों का कोविड-19 ड्यूटी में लगाए जाने के पूर्व उनका 50 लाख का बीमा कवर करवाया जाए।

साथ ही कोविड में लगाए गए पारा शिक्षकों को मास्क, सैनेटाइजर अन्य किट उपलब्ध कराए की है।

राहत वाली खबर

हजारीबाग जिले में शुक्रवार को थोड़ी राहत देने वाली खबर आई है।

शुक्रवार को आए रिपोर्ट के मुताबिक 9 लोगों की मौत हो गई।

इनमें चार लोग कोरोना संक्रमित और 5 सस्पेक्टेड हैं।

इस मौत के बाद जिले में मौत का आंकड़ा 294 पहुंच गया है।

इनमें 144 लोग कंफर्म कोरोना संक्रमित और 150 लोग सस्पेक्टेड हैं।

इनकी मौत शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल सहित विभिन्न अस्पतालों में और कुछ की मौत घरों में हुई है।

इधर शुक्रवार को सैंपल जांच में जिले में 272 लोग पॉजिटिव पाए गए। रिकवरी रेट भी संतोषजनक देखा गया।

333 लोग स्वस्थ होकर अपने-अपने घर लौटे।

वर्तमान में 3066 लोग इलाजरत हैं, जबकि कुल संक्रमितों की संख्या 17153 पहुंच गई है।

अब तक 13943 लोग संक्रमित होने के बाद रिकवर हुए हैं।