ED मिलादुन्नबी पर रांची में निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी

News Aroma Media

रांची: ईद मिलादुन्नबी (Eid Miladunnabi) पर रांची के ग्रामीण सहित शहरी क्षेत्र के विभिन्न मुहल्लों से गुरुवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी हर्षोल्लास (Julus-e-Mohammadi Joyousness) के साथ निकाला गया।

जुलूस का नेतृत्व उलेमाओं ने की। जुलूस का संचालन एदारा ए शरीया के मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी, सुन्नी बरैलवी सेन्ट्रल कमेटी के अध्यक्ष मौलाना डॉ. ताजुद्दीन रिजवी, महासचिव अकीलुर्रहमान एवं प्रवक्ता मो. इसलाम ने संयुक्त रूप से किया।

जुलूस-ए-मोहम्मदी कांटा टोली कुरैशी मुहल्ला, मौलाना आजाद कॉलोनी, गढ़ा टोली, रमजान कॉलोनी, थडपखना, पत्थलकुदुआ, गुदरी, कांके, भिट्ठा, बरियातू, हिंदपीढ़ी, पहाड़ी टोला, इस्लाम नगर, इलाहिबक्स कॉलोनी, कर्बला चौक, डोरंडा, पुनदाग, हटिया सहित रांची जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुजरा।

इस दौरान कुरैश कॉन्फ्रेंस के प्रदेश अध्यक्ष हाजी बेलाल कुरैशी ने जुलूस का भव्य स्वागत किया। साथ ही जुलूस में चल रहे लोगों को खजूर, पानी, चना, शर्बत और फल दिया गया।

इस दौरान मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी, मौलाना डॉ. ताजुद्दीन रिजवी सहित अनेक उलेमाओं ने सभा को सम्बोधित करते हुए पैगम्बर मोहम्मद की जीवनी को विस्तार से बताते हुए उनके मार्ग पर चलने के साथ एक और नेक बनने की लोगों से अपील की।

उपायुक्त रांची राहुल कुमार सिन्हा (Deputy Commissioner Ranchi Rahul Kumar Sinha) एवं SSP रांची चंदन कुमार सिन्हा ने सुन्नी बरैलवी सेन्ट्रल कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि रांची आपसी सौहार्द की अद्भुत मिसाल है और इसे बरकरार रखना है। उन्होंने पैगम्बर मोहम्मद के बताए राह पर चलने की बात कही।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

विधि व्यवस्था में किसी तरह की कमी न रहे और शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस ए मोहम्मदी का जुलूस संपन्न हो, इसके लिए रांची जिला उपायुक्त राहुल सिन्हा और वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन सिन्हा सहित अन्य अधिकारी पल-पल की जानकारी ले रहे थे।

सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गयी थी। सभी DSP और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी रख रहे थे।