रांची/नागपुर : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि राज्य पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) राज्य में नक्सलवाद की समस्या को खत्म करने के अंतिम चरण में हैं।
हेमंत सोरेन का यह बयान ऐसे समय में आया है जब कुछ घंटे पहले ही झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के वन क्षेत्र में माओवादी विरोधी अभियान के दौरान उन्नत विस्फोटक उपकरण (IED) फटने से CRPF का एक सिपाही घायल हो गया।
IED Blast के बारे में पूछे जाने पर नागपुर में सोरेन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के गढ़ को ध्वस्त कर दिया है। वे नक्सलवाद का उन्मूलन करने के कार्य के अंतिम चरण में हैं। ’’
मुख्यमंत्री एक निजी कार्यक्रम (Private event) में भाग लेने के लिए महाराष्ट्र के नागपुर शहर में थे।
सोरेन ने राष्ट्र की सुरक्षा में CRPF की उत्कृष्ट भूमिका का उल्लेख करते हुए देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले CRPF के जवानों को श्रद्धांजलि भी दी।
माओवादियों के खिलाफ तलाश अभियान जारी
इससे पहले, झारखंड की पुलिस ने एक बयान में बताया कि प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने मुफस्सिल में हेसाबंध गांव के निकट जंगल में ये IED लगाया था और CRPF , उसकी विशेष इकाई कोबरा, झारखंड जुगआर तथा जिला सशस्त्र पुलिस से सुरक्षा बलों की टीम जब माओवादियों के खिलाफ अभियान चला रही थी तभी इस IED में विस्फोट हो गया।
पुलिस के मुताबिक CRPF (174 बटालियन) के कांस्टेबल हफिजुर रहमान को विस्फोट में चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए विमान से रांची में अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने कहा कि कांस्टेबल की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और इलाके में माओवादियों के खिलाफ तलाश अभियान जारी है।
इससे पूर्व पिछले सप्ताह गोईकेरा के जंगल में आईईडी विस्फोट (IED Blast) में CRPF का एक जवान शहीद हो गया था और दो अन्य घायल हो गए थे।