रांची के ठाकुरगांव से चार धाम यात्रा के लिए निकली बस दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत, कई घायल

Digital Desk

Bus Accident: शनिवार की सुबह करीब 5 बजे चार धाम की यात्रा पर जा रहे हैं तीर्थ यात्रियों से भरी बस में कोयला (Coal) लदे ट्रक (Truck) ने जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में बस चालक (Bus Driver) और एक एजेंट की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं 6 यात्री (Passengers) घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार रांची (Ranchi) के ठाकुरगांव (Thakurgaon) से दो बसें शुक्रवार को चार धाम की यात्रा के लिए रवाना हुई थीं।

कोयला लदे ट्रक चालक को आई झपकी

शनिवार को बिहार (Bihar) के डेहरी-ऑन सोन में पाली पुल के पास बस खराब हो गई।

चालक और एजेंट उसे ठीक कर ही रहे थे। इसी बीच पीछे से आ रहे कोयला लदे ट्रक के चालक को झपकी आई और बस को अपनी चपेट में ले लिया।

मृतकों में ठाकुरगांव का अशोक भगत उर्फ खेदन भगत (65) और बस का चालक रांची निवासी बालेश्वर साहू (62) शामिल हैं।

अशोक पिछले 20 साल से तीर्थयात्रियों को भाड़े की बस से विभिन्न तीर्थधामों की यात्रा पर ले जाने का काम करते थे।

जानकारी के अनुसार इस बार दो बसें अयोध्या (Ayodhya) समेत चार धाम की यात्रा के लिए ठाकुरगांव से यात्रियों को लेकर रवाना हुई थीं।

बस में बुढ़मू के बेड़वारी, ठाकुरगांव, मांडर, बेड़ो, इटकी, रांची और हिनू आदि जगहों के तीर्थयात्री सवार थे। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने दोनों शव को अपने कब्जे में ले लिया।

मिली जानकारी के अनुसार एक बस 70 सीट वाली थी। दूसरी 35 सीट वाली थी। शनिवार सुबह 5 बजे के बाद बस ठीक होने पर सभी यात्री बस में बैठ रहे थे। उसी दौरान औरंगाबाद की तरफ आ रहे कोयला लदे ट्रक ने बस में अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद अन्य यात्री घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां से घायलों को सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायलों में कुंती देवी, अनिता देवी, गणेश साहू, सरिता देवी, तारकेश्वर साव, मालती देवी, लक्ष्मण उरांव शामिल हैं। सभी घायल रांची जिले के निवासी हैं। वहीं घायल ट्रक चालक अलख निरंजज शेखपुरा जिले के शेखपुरा सराय का निवासी है। अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया है।