झारखंड के लातेहार में सड़क दुर्घटना, दो लोगों की मौत, 9 घायल

Central Desk

लातेहार: सदर थाना क्षेत्र के पतकी जंगल के पास एनएच-75 पर शुक्रवार की रात कार और टेंपो की टक्कर हो गयी। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों का प्राथमिक इलाज लातेहार सदर अस्पताल में करने के बाद उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया। सभी पलामू जिले के चियांकी गांव के एक ही परिवार के लोग हैं।

मृतकों में हरेंद्र सिंह (19) और परसू सिंह (70) शामिल हैं जबकि घायलों में जितेंद्र सिंह, लल्लू सिंह, उपेंद्र सिंह, विपन सिंह, तेतर सिंह, पवन सिंह, राजेंद्र सिंह, मीना देवी और रविंद्र सिंह शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार पलामू के चियांकी गांव से सभी लोग लड़की की शादी के लिए लड़का देखने टेंपो से लातेहार के रहिया गांव आए थे। सभी लोग वापस टेंपो से चियांकी लौट रहे थे।

पतकी की जंगल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार एक कार से टेंपो की सीधी टक्कर हो गई। इस घटना में टेंपो सवार हरेंद्र सिंह की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि परसू सिंह की मौत लातेहार सदर अस्पताल में हुई।

उधर घटना की जानकारी मिलते ही लातेहार एसडीएम शेखर कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और सभी घायलों को रिम्स रेफर करवाया।