Stock Market Black Monday!: खराब वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार सोमवार को बड़ी गिरावट के साथ खुला। सुबह 9:35 बजे सेंसेक्स 2,381 अंक (3.12%) टूटकर 73,010 और निफ्टी 816 अंक (3.56%) गिरकर 22,088 पर था। अमेरिका के रेसिप्रोकल टैरिफ से ट्रेड वार का खतरा बढ़ने को इसकी मुख्य वजह माना जा रहा है।
सभी सेक्टर में बिकवाली
लार्ज कैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी भारी गिरावट देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 2,045 अंक (4.07%) गिरकर 48,562 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 820 अंक (5.24%) टूटकर 14,855 पर पहुंचा। एनएसई के सभी इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। ऑटो, आईटी, एफएमसीजी, मेटल, रियल्टी, मीडिया और एनर्जी सेक्टर में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ।
ये हैं टॉप लूजर्स
सेंसेक्स के सभी 30 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एलएंडटी, HCL टेक, TCS , रिलायंस, NTPC और एक्सिस बैंक टॉप लूजर्स रहे। चॉइस ब्रोकिंग के डेरिवेटिव एनालिस्ट हार्दिक मटालिया ने कहा, “निफ्टी में दैनिक चार्ट पर कमजोरी दिख रही है। इंट्राडे में 22,400 और 22,000 सपोर्ट लेवल हैं, जहां स्थिरता की उम्मीद है।”
वैश्विक बाजार और तेल की कीमतें
एशियाई बाजारों में भी बिकवाली का दौर चला, जिसमें टोक्यो, शंघाई, बैंकॉक, सियोल और हांगकांग में 11% तक की गिरावट देखी गई। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को डाओ 5.50% और नैस्डैक 5.82% गिरावट के साथ बंद हुआ। वैश्विक अनिश्चितता के बीच तेल की कीमतें भी गिरीं-ब्रेंट क्रूड 2.67% कम होकर 63.82 डॉलर और डब्ल्यूटीआई क्रूड 2.69% गिरकर 60.31 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।