Palamu: पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के रंगेया गांव के कुएं से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मनातू मंडल महामंत्री करेश राम (35) का शव पुलिस ने बरामद किया है। परिजनों ने करेश की हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से निकाला। पोस्टमार्टम के लिए एमआरएमसीएच में भेज दिया गया है।
विधायक और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी
घटना की सूचना मिलते ही पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता एवं अन्य भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। विधायक ने पुलिस प्रशासन को चार घंटे के भीतर अपराधियों को गिरफ्तार करने का समय दिया।
उन्होंने कहा कि करेश की हत्या हुई है और पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच
मनातू थाना प्रभारी निर्मल उरांव ने कुएं से शव मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि मौत कैसे हुई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात एक शादी समारोह में करेश शामिल हुआ था और शराब पीने की बात भी सामने आई है।
आशंका है कि नशे में वह कुएं में गिर गया होगा। हालांकि, हत्या की आशंका को देखते हुए जांच जारी है।