2023 तक दोगुना होगा Tata Steel का उत्पादन: एन चंद्रशेखरन

News Desk
3 Min Read

जशेदपुर: टाटा समूह के संस्थापक जेएन टाटा की 183वीं जयंती समारोह पर गुरुवार को जमशेदपुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने टाटा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।

चेयरमैन पहले टाटा मोटर्स गए। इसके बाद टाटा स्टील परिसर और फिर पोस्टल पार्क में प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। चेयरमैन के साथ टाटा स्टील के सीइओ सह प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन सहित कंपनी के आला अधिकारी मौजूद रहे।

माल्यार्पण कार्यक्रम के बाद चेयरमैन ने कहा कि हम अपने समूह के संस्थापक के सपने को साकार करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम जमशेदपुर के लोगों की क्वालिटी ऑफ लाइफ को और अधिक बेहतर बनाना चाहते हैं।

इसमें कंपनी के साथ-साथ हर शहरवासी की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि हम जमशेदपुर को वर्ल्ड क्लास सिटी बनाएंगे। चेयरमैन ने बताया कि वर्ष 2023 तक टाटा स्टील का उत्पादन दोगुना होगा।

वर्तमान में टाटा स्टील कुल 20 मिलियन टन स्टील का उत्पादन कर रहा है। अगले एक वर्ष में यह उत्पादन क्षमता बढ़कर 40 मिलियन टन हो जाएगी।

- Advertisement -
sikkim-ad

इसके अलावा समूह की दूसरी कंपनियों में भी उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि तकनीकी विकास पर हमारा पूरा जोर है। इसके लिए उत्पादन इकाइयों में सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।

उन्होंने कोरोना की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की कमी और अस्पतालों में बेड की कमी का जिक्र करते हुए कहा कि इन मुश्किल हालात में समूह ने देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने का प्रयास किया।

हम अस्पतालों की क्षमता में लगातार वृद्ध कर रहे हैं। जमशेदपुर में लोगों ने जिस तरह इस कठिन हालात में टाटा स्टील का साथ दिया। इसके लिए हम उनके प्रति आभारी हैं।

संस्थापक दिवस समारोह को लेकर पूरे जमशेदपुर को बेहद खूबसूरत तरीके से सजाया गया है। कई नई नागरिक सुविधाओं की शुरुआत की गई है। विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। इसमें कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए लोगों ने हिस्सा लिया।

Share This Article