दरभंगा लूट काण्ड पर तेजस्वी ने साधा सरकार पर निशाना

News Aroma Media
#image_title

पटना: बिहार के दरभंगा जिले में बड़ा बाजार स्थित अलंकार ज्वेलर्स से बुधवार की सुबह 10.30 बजे आठ हथियारबंद अपराधी करीब 10 करोड़ के सोने के जेवरात लूटकर फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

शहर की हृदयस्थली दरभंगा टावर के पास भीड़भाड़ वाले बाजार में दिनदहाड़े हुई इस घटना से सनसनी फैल गयी।

वारदात को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला है।

तेजस्वी ने ट्वीट करते हुए कहा कि महाजंगलराज का महाडरावना नजारा। दरभंगा में सत्ता संरक्षित हथियारबंद अपराधी दिनदहाड़े भरे बाज़ार में कई राउंड फायरिंग कर 10 करोड़ का सोना लूट ले गए।

चंद कदम दूर ही एसपी ऑफिस और भाजपा विधायक आवास है। जवाब कौन देगा, 30 साल पहले के मुख्यमंत्री या वर्तमान मुख्यमंत्री?

दरभंगा में हुई दिनदहाड़े लूट के बाद दुकान के मालिक सुशील लाठ और उनके भाई संतोष लाठ ने कहा कि कितने की लूट हुई है, इसका आकलन किया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि करीब 10 करोड़ के सोने के जेवरात की लूट हुई है। वारदात भाजपा के नगर विधायक संजय सरावगी के घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर हुई है।

एसएसपी बाबू राम ने लूट की घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि कितने की लूट हुई है, इसका आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना बिना लाइनर और योजना के नहीं होती है।

सीसीटीवी के माध्यम से कुछ अपराधियों की पहचान कर ली गयी है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी होगी और लूट के जेवरात की बरामदगी होगी।

नगर भाजपा विधायक संजय सरावगी ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि घटना की सूचना देने के आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि दरभंगा टावर पर पुलिस टीम हमेशा मौजूद रहती है।

उन्होंने कहा कि अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है। पुलिस को इस दिशा में ठोस कार्रवाई करनी होगी।