झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी देने वाला बदमाश मुंबई में दबोचा गया, 15 लाख हफ्ता की मांग की थी

News Aroma Media
#image_title

रांची: झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री, आजसू सुप्रीमो सह विधायक सुदेश महतो को जान से मारने की धमकी देने व 15 लाख रुपए हफ्ता मांगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

यह गिरफ्तारी मुंबई के शिवाजी नगर से हुई है, जहां मुंबई पुलिस की 6 नंबर क्राइम ब्रांच यूनिट ने आरोपी को धर दबोचा है।

आगे की जांच और कार्रवाई के लिए कोर्ट ने 11 जनवरी तक झारखंड के गोंडा पुलिस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा के पास आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर भेजा है।

क्या है मामला

दरसअल, 14 अगस्त 2020 को झारखंड के उप मुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो को एक धमकी मिली थी कि 15 लाख नहीं देने पर उन्हें घर में घुसकर गोली मार दी जाएगी, जिसके बाद उपमुख्यमंत्री के निजी सचिव महेंद्र कुमार शर्मा ने रांची के गोंडा पुलिस स्टेशन में धमकी देने का मामला दर्ज करवाया।

उसके बाद झारखंड पुलिस हरकत में आई और पुलिस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा ने उत्तर प्रदेश और मुंबई पुलिस से संपर्क साधा।

यूपी के प्रतापगढ़ का रहने वाला है आरोपी नीलेश

इस पर मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने आरोपी के छायाचित्र और मोबाइल लोकेशन के आधार पर शिवाजीनगर की बैंगनवाड़ी से 27 वर्षीय नीलेश पांडेय नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी नीलेश पांडेय उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ का रहने वाला है और उसपर उत्तर प्रदेश और झारखंड में कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।