रांची: रिम्स (RIMS) की सुरक्षा बढ़ा दी गई है, भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के ईस्टर्न रीजनल ब्यूरो के सचिव और एक करोड़ के इनामी प्रशांत बोस की पत्नी 61 वर्षीय शीला मरांडी उर्फ शीला हांसदा को मिर्गी का दौरा आने के बाद रिम्स में भर्ती किया गया है।
पुलिस सूत्रों से के अनुसार शीला को मिर्गी का दौरा सरायकेला में आया था। वहां के डॉक्टर की देखरेख में उन्हें इलाज के लिए रिम्स लाया गया है।
रिम्स के पेइंग वार्ड के पहले तल्ले के कमरा नंबर -3 में उनका इलाज किया जा रहा है।
उनका इलाज रिम्स के मेडिसिन विभाग के वरीय चिकित्सक बी कुमार कर रहे हैं।
रिम्स के पेइंग वार्ड में शीला के एडमिट होते ही सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है। शीला के सुरक्षा में झारखंड जगुआर को लगाया गया है। शीला मरांडी उर्फ शीला हांसदा को पहले से शुगर और थायराइड की समस्या थी।
रिम्स में एडमिट होने के बाद उनके ब्लड प्रेशर की जांच की गयी है। बीपी सामान्य पाया गया है।
इलाज कर रहे चिकित्सक ने सीटी स्कैन और अन्य रूटीन जांच के लिए ब्लड सैंपल लिया है। चिकित्सक शीला की रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की इलाज की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
शीला मरांडी माओवादियों की शीर्ष सेंट्रल कमेटी की सदस्य हैं। वह नारी मुक्ति संघ की भी प्रमुख है।