कांग्रेस भवन में आरपी राजा को दी गयी श्रद्धांजलि

News Aroma Media

रांची: प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व आरआरडीए के पूर्व चेयरमैन स्व आरपी राजा के प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम, गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच उनकी याद में कम्बल वितरण का कार्यक्रम किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता रांची महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष संजय पाण्डेय तथा कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने किया।

मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि स्व आरपी राजा की पहचान एक कुशल संगठनकर्ता के रूप में युवा कांग्रेस के जमाने से ही थी।

अपनी सरकार होते हुए भी मुद्दों के आधार पर स्व ज्ञान रंजन, आरपी राजा, रोशन लाल भाटिया  लगातार जनसमस्याओं को लेकर आन्दोलन करते रहते थे।

आज भी झारखण्ड गठन के पूर्व उलगुलान रैली को याद किया जाता है, जिसके आयोजन में स्व आरपी राजा ने ज्ञानरंजन के नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी।

एक प्रशासक के रूप में आरआरडीए के चेयरमैन के रूप में शहर के विकास को लेकर उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हुए मोरहाबादी स्थित बिरसा मुण्डा फूटबाॅल स्टेडियम का शिलान्यास करवाया था।

यहां तक कि उनके निवास स्थल से लेकर बरियातु रोड तक की सड़क को उन्होंने ही बनवाने का काम किया है, जिसे हमलोग आज तक याद करते हैं।

आलमगीर आलम ने कहा कि स्व राजा की पारिवारिक पृष्ठभूमि भी कांग्रेस की थी।

स्व राजा छोटानागपुर कांग्रेस के प्रथम अध्यक्ष स्व देवकीनन्दन प्रसाद के सुपुत्र थे। स्व देवकी बाबू भी 1936 में जब पहली बार एकीकृत बिहार में आजादी के पूर्व विधानसभा गठित हुई थी, तब से लेकर 1967 तक वो बिहार विधानपरिषद् एवं विधानसभा के सदस्य रहे। 1971 में युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के रूप में स्व राजा ने कदम रखा था।

उनकी पहचान एक जुझारू एवं उर्जावान कांग्रेसी नेता के रूप में थी।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राजेश ठाकुर, संजय लाल पासवान, जोनल कोआर्डिनेटर रमा खलखो, विधायक दीपिका पाण्डेय सिंह, कुमार जयमंगल सिंह आदि मौजूद थे।