लातेहार में ब्रेक फेल होने से गहरी खाई में गिरा ट्रक, दो की मौत

News Aroma Media

लातेहार: जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के अमझारिया घाटी में मंगलवार को ट्रक दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गयी। मृतकों में ट्रक चालक राजू कुमार यादव (40) और मुकेश यादव (35) शामिल हैं।

दोनों औरंगाबाद बिहार के रहने वाले हैं। वहीं ट्रक पर सवार तीसरा व्यक्ति मनीष कुमारयादव घायल हो गया।

घटना के संबंध में घायल मनीष कुमार ने बताया कि वे लोग टाटा से सरिया (छड़) लेकर डेहरी जा रहे थे।

अचानक घाटी में गाड़ी का ब्रेक फेल हो गया और चालक अपना नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रक खाई में जा गिरा।

इसमें चालक राजू कुमार यादव एवं मुकेश यादव की मौत घटनास्थल में ही दबने से हो गई।

जबकि घायल मनीष को इलाज के लिए चंदवा सीएचसी लाया गया।

सूचना के बाद पुलिस निरीक्षक आशुतोष कुमार के निर्देश पर चंदवा पुलिस घटनास्थल पहुंची और वाहन में फंसे शव को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घटना की जानकारी परिजनों एवं ट्रक मालिक को दे दी गई है।