अनियंत्रित कार सड़क किनारे रेलिंग से टकराई, कार के उड़े परखच्चे

News Aroma Media

Road Accident: गिरिडीह जिले के बेंगाबाद में बिहार के औरंगाबाद से झारखंड के देवघर जा रही एक कार सड़क किनारे रेलिंग से टकरा गई। इसमें कार के परखच्चे उड़ गए। कार में दो लोग सवार थे। एक पुरुष और एक महिला। गनीमत यह रही कि कार में सवार दो लोग बाल-बाल बच गए।

पुलिस ने बताया कि शनिवार देर रात तेज आवाज सुनकर आसपास के घरों के लोग बाहर निकले।  लोगों ने देखा कि एक कार एनएच की रेलिंग से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई है। कार में दो लोग सवार हैं। कार में लगी एयर बैलून की वजह से दोनों बाल-बाल बच गए।

कार चला रहे व्यक्ति को महिला सर कहकर संबोधित कर रही थी। दोनों को कार से बाहर निकालने के बाद पुलिस ने पूछताछ की, तो पता चला कि कार चालक बिहार के औरंगाबाद जिले में किसी बड़े पद पर कार्यरत है। महिला उसकी सहकर्मी है।

नशे में धुत था कार का चालक

जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और कार से दोनों को बाहर निकाला गया।  चालक नशे में धुत था।  वह चलने तक की स्थिति में नहीं था। महिला की भी स्थिति ठीक नहीं थी।  लेकिन, वह कार चला रहे व्यक्ति की मदद करने की कोशिश कर रही थी।

औरंगाबाद में बड़े पद पर कार्यरत है कार चालक  

कार चालक बिहार के औरंगाबाद जिले में किसी बड़े पद पर कार्यरत है।  महिला उसकी सहकर्मी है। कार में सवार महिला के पति देवघर में काम करते हैं। दोनों कार (बीआर 01सीयू 4702) से औरंगाबाद से देवघर जा रहे थे।  इस दौरान बेंगाबाद चौक के पास दुर्घटना हो गई।  कार में भारत सरकार, डीआईओ, औरंगाबाद का बोर्ड लगा है।

क्षतिग्रस्त कार में पुलिस को मिले कई आपत्तिजनक सामान

क्षतिग्रस्त कार की तलाशी ली गई, तो उसमें कई आपत्तिजनक सामग्री के साथ शराब की खुली बोतलें मिलीं हैं।  अंदाजा लगाया जा रहा है कि बिहार में शराबबंदी के कारण झारखंड सीमा में आने के बाद शराब की पार्टी की गई।  रात में ही पुलिस की मदद से दोनों को देवघर भेज दिया गया। क्षतिग्रस्त कार पुलिस के कब्जे में है।