Jharkhand Weather upate: झारखंड में भीषण गर्मी (Extreme Heat) से जूझ रहे लोगों के लिए मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है।
अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में मौसम करवट लेने वाला है। हालांकि, आज तक पांच जिलों में भीषण गर्मी और लू (Severe Heat and Loo) चलने की संभावना है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होगी।
गर्मी का प्रकोप अभी रहेगा जारी
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो और धनबाद में लू (हीट वेव) चलने की आशंका है। यहां का तापमान लगातार सामान्य से 5-6 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
17 मार्च से बदलेगा मौसम
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 17 मार्च से राज्य के मौसम में बदलाव के संकेत हैं। सोमवार (18 मार्च) को भी राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ बना रहेगा। हालांकि, इसके बाद धीरे-धीरे बादल छाने लगेंगे।
बारिश से मिलेगी राहत
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 19 मार्च से झारखंड के दक्षिण-पूर्वी जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। जिन जिलों में वर्षा के संकेत मिले हैं, उनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, धनबाद, दुमका और गिरिडीह शामिल हैं।
इसके बाद 20 और 21 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे झुलसाने वाली गर्मी झेल रहे झारखंडवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, चाईबासा सबसे गर्म
-चाईबासा में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।
-सबसे ठंडी जगह खूंटी रही, जहां न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
-राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से अधिक था।
-बोकारो थर्मल और चाईबासा में 24 घंटे के भीतर तापमान में 6.6 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया, जो यह दिखाता है कि गर्मी कितनी तेजी से बढ़ रही है।
रांची में कैसा रहेगा तापमान?
-मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों में राजधानी रांची का औसत तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
-आज (16 मार्च): दोपहर और शाम में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, अधिकतम तापमान 37 डिग्री, न्यूनतम 21 डिग्री रहेगा।
-17 मार्च: आंशिक बादल और शुष्क मौसम, अधिकतम 35 डिग्री, न्यूनतम 20 डिग्री।
-18 मार्च: आसमान साफ, गर्मी बढ़ सकती है, अधिकतम 36 डिग्री, न्यूनतम 19 डिग्री।
-19 मार्च: हल्के बादल छा सकते हैं, तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री रहेगा।
गर्मी से राहत की उम्मीद, लेकिन सतर्कता भी जरूरी
हालांकि बारिश से राहत मिलेगी, लेकिन हीट वेव (Heat Wave) वाले जिलों में फिलहाल लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। बाहर निकलते समय पानी पीकर निकलें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें और दोपहर में धूप से बचें।